मऊ नगर पालिका ने रचा नया इतिहास

Report By: तारकेश्वर प्रसाद

मऊ:नगर पालिका परिषद मऊ ने स्वच्छता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में मंडल स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि न केवल नगर पालिका परिषद मऊ बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है। इस बार नगर पालिका परिषद मऊ को केंद्र सरकार के शहरी विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छता सर्वेक्षण में 8931 अंक प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही मऊ ने देशभर में 117वां और उत्तर प्रदेश में 45वां स्थान हासिल किया है।

बीते वर्ष 2024 में मऊ नगर पालिका ने 2800 अंकों के साथ देश में 237वां और प्रदेश में 52वां स्थान प्राप्त किया था। इस बार की रैंकिंग ने स्पष्ट कर दिया है कि मऊ नगर पालिका निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाई है।

इस अवसर पर सफाई एवं खाद्य निरीक्षक श्री सत्य प्रकाश ने बताया कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पीछे नगर पालिका के अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई कर्मियों और विशेष रूप से नगरवासियों का अथक प्रयास और समर्पण है। नगर की जनता ने स्वच्छता को अपनाते हुए प्रशासन का पूरा सहयोग किया है, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।

नगर पालिका परिषद मऊ के अध्यक्ष श्री अरशद जमाल ने नगरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सम्पूर्ण नगर की मेहनत और जागरूकता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मऊ नगर पालिका ने लगातार अपनी स्थिति में सुधार करते हुए इस मुकाम को हासिल किया है। श्री जमाल ने नगर पालिका के सभासदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई कर्मियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि सफाई का यह अभियान यहीं नहीं रुकेगा, बल्कि आगामी वर्षों में मऊ नगर को प्रदेश और देश की टॉप-10 नगर पालिकाओं में शामिल करने का लक्ष्य तय किया गया है।

नगर को सर्वसुविधायुक्त बनाने का अभियान तेज
पालिकाध्यक्ष अरशद जमाल ने आगे बताया कि नगर में साफ-सफाई के साथ-साथ नागरिकों को सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य तेजी से किया जा रहा है। नगर पालिका द्वारा कूड़ा निस्तारण के लिए अत्याधुनिक मशीनें खरीदी जा रही हैं और सफाई व्यवस्था को और अधिक सशक्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “हमारा प्रयास है कि मऊ नगर को सर्वसुविधायुक्त और आदर्श नगर के रूप में विकसित किया जाए। इसमें हम सभी नागरिकों का सहयोग अनिवार्य मानते हैं।”

जनता की जागरूकता ही सफलता की कुंजी
पालिका अध्यक्ष ने जनता से अपील करते हुए कहा कि “नगर को स्वच्छ बनाए रखना सिर्फ नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। जनता का सहयोग ही हमारे प्रयासों को सफल बनाता है। हमने जिस तरह इस वर्ष ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, इसी तरह आने वाले समय में स्वच्छता के मामले में मऊ को देश में सर्वोच्च स्थान दिलाना है।”

अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने किया टीम को प्रेरित
नगर पालिका परिषद मऊ के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि “पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष रैंकिंग में हुआ सुधार हमारे सभी कर्मियों और अधिकारियों की टीम भावना और मेहनत का परिणाम है। अब हमें यहीं रुकना नहीं है, बल्कि मऊ नगर पालिका को पूरे प्रदेश में टॉप रैंकिंग पर पहुंचाना है।” उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को यह संदेश दिया कि स्वच्छता को अपना दायित्व और सम्मान मानते हुए निरंतर प्रयास करते रहें।

उन्होंने आगे कहा कि “हमारा अगला लक्ष्य मऊ नगर को टॉप-10 की सूची में शामिल करना है, जिसके लिए हम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि एक संस्कृति है जिसे हमें अपनाना होगा। हम अपने नगर को प्रदेश और देश में आदर्श नगर के रूप में प्रस्तुत करने के लिए कटिबद्ध हैं।”

अधिशासी अधिकारी ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि “हम आपके आभारी हैं कि आपने इस अभियान में पूरे दिल से भागीदारी निभाई। हमें विश्वास है कि आपके सहयोग से हम मऊ को स्वच्छता की नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। यदि आगामी सर्वेक्षण में आपका सहयोग इसी तरह जारी रहा तो मऊ नगर पालिका निश्चित रूप से टॉप-10 की सूची में शामिल होगी और पूरे प्रदेश में स्वच्छता का आदर्श बनेगी।”

पालिका परिवार की ओर से एक बार फिर सभी नगरवासियों, सफाईकर्मियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और विद्यार्थियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया और सभी से निवेदन किया गया कि वे स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और मऊ नगर को न केवल प्रदेश बल्कि देश का सबसे स्वच्छ नगर बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें।

Related Articles

Back to top button