इंदारा रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का भूमि पूजन

Report By: आसिफ अंसारी

मऊ:जिलेवासियों को लंबे समय से हो रही जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। इंदारा रेलवे क्रॉसिंग पर 64.75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रोड ओवरब्रिज का भूमि पूजन नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा और घोसी विधायक सुधाकर सिंह की उपस्थिति में विधिवत मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। ओवरब्रिज के निर्माण कार्य की शुरुआत के साथ ही क्षेत्र की जनता की 50 वर्षों से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है।

भूमिपूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंडित विजय शंकर पांडेय द्वारा की गई। इस अवसर पर मंत्री श्री शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार ने वह कर दिखाया है, जिसकी लोग आधी सदी से प्रतीक्षा कर रहे थे।

वाराणसी-गोरखपुर रेल मार्ग पर स्थित इंदारा रेलवे क्रॉसिंग पर दिन भर में कई बार ट्रेनों का आना-जाना बना रहता है, जिसके कारण फाटक बंद होने से कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। यहां तक कि कई बार एक साथ दो या तीन ट्रेनों के गुजरने की वजह से फाटक लंबे समय तक बंद रहता था, जिससे न केवल आम राहगीर बल्कि एंबुलेंस और अन्य इमरजेंसी सेवाओं के वाहनों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, समय पर अस्पताल न पहुंच पाने के कारण कई मरीजों की जान भी जा चुकी है। इस क्षेत्र में कोई वैकल्पिक मार्ग न होने की वजह से ओवरब्रिज की मांग वर्षों से की जा रही थी।

इस बहुप्रतीक्षित ओवरब्रिज की लंबाई करीब 700 मीटर होगी और इसका निर्माण कार्य आगामी डेढ़ वर्ष में यानी 2026 के अंत तक पूरा हो जाएगा। इस ओवरब्रिज के बन जाने से इंदारा रेलवे क्रॉसिंग पर लगने वाले भीषण जाम से जनता को स्थायी राहत मिलेगी। साथ ही स्कूल जाने वाले बच्चे, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी और किसानों सहित सभी को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।

मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि डबल इंजन की सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कटिबद्ध है। पहले लोग एक ओवरब्रिज के लिए वर्षों तक इंतजार करते थे, फाइलें अटकती थीं, योजनाएं अधूरी रह जाती थीं। लेकिन अब योजनाएं न केवल बन रही हैं, बल्कि समयबद्ध तरीके से पूरी भी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इंदारा ओवरब्रिज का निर्माण क्षेत्र के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

घोसी विधायक सुधाकर सिंह ने इस मौके पर कहा कि यह ओवरब्रिज केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की भावनाओं और संघर्ष का प्रतीक है। वर्षों से लोग जाम की समस्या से त्रस्त थे और लगातार इस ओवरब्रिज की मांग कर रहे थे। अब जब कार्य शुरू हो चुका है, तो यह क्षेत्र के लिए गौरव और उत्सव का क्षण है।

भूमिपूजन समारोह में भाजपा जिला अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य, वरिष्ठ भाजपा नेता हौसला प्रसाद उपाध्याय, महिला मोर्चा की नूपुर अग्रवाल, संगीता जायसवाल, अरशद जमाल, विजय बहादुर सिंह, बजरंगी सिंह बज्जू, कृष्णकांत राय, आनंद सिंह, गणेश सिंह, अखिलेश तिवारी, संजय पांडेय, उदय प्रताप सिंह और सूरज राय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने ओवरब्रिज के भूमिपूजन को क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

स्थानीय निवासियों में इस परियोजना को लेकर उत्साह देखा गया। लोगों ने कहा कि रेलवे क्रॉसिंग पर वैकल्पिक मार्ग न होने के कारण उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब ओवरब्रिज बनने से स्कूल, अस्पताल, बाजार और अन्य कार्यों के लिए जाने में कोई रुकावट नहीं होगी। इमरजेंसी सेवाएं भी सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी।

Related Articles

Back to top button