मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया जनता दर्शन, फरियादियों से संवाद कर समाधान का दिलाया भरोसा

Report By : स्पेशल डेस्क

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी स्थित मुख्यमंत्री आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। प्रदेश भर से आए 50 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने हर फरियादी से स्वयं मिलकर उनकी पीड़ा को सुना और प्रार्थना पत्र लिया। इसके बाद अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी मामलों का त्वरित और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक शिकायतकर्ता से फीडबैक लेकर यह भी जाना जाए कि उनकी समस्या का समाधान सही ढंग से हुआ या नहीं।

जनता दर्शन में भूमि विवाद, पुलिस से जुड़ी समस्याएं, नाली-सड़क-खड़ंजे जैसे स्थानीय विकास कार्य, आवास, शिक्षा, स्थानांतरण और आर्थिक सहायता से संबंधित मामले सामने आए। इसमें 15 मामले जमीन से जुड़े, 6 मामले पुलिस से संबंधित, 4 मामले नाली, सड़क और खड़ंजे से जुड़े, जबकि 4 मामले आर्थिक सहायता से जुड़े थे। इसके अतिरिक्त बेटियों की पढ़ाई, आवास की समस्या और परिवारिक विवाद जैसे मुद्दे भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र को गंभीरता से लिया और भरोसा दिलाया कि सभी मामलों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की जाएगी।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री का एक अलग ही रूप उस समय देखने को मिला जब वह अभिभावकों के साथ आए छोटे बच्चों से मिले। उन्होंने बच्चों से बातचीत की, उनका हालचाल जाना और उन्हें चॉकलेट-टॉफी भी दी। मुख्यमंत्री ने बच्चों के सिर पर हाथ फेरकर उन्हें आशीर्वाद दिया और पढ़ाई में अच्छा करने की प्रेरणा दी। बच्चों के प्रति मुख्यमंत्री का यह आत्मीय व्यवहार वहां मौजूद सभी लोगों के लिए भावुक कर देने वाला क्षण था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरियादियों से कहा कि वे निश्चिंत होकर घर लौटें, उनकी समस्याओं का समाधान निश्चित रूप से किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर नागरिक की समस्या का समाधान कर एक खुशहाल और विकसित उत्तर प्रदेश बनाना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि किसी भी शिकायतकर्ता को अनसुना न किया जाए और हर मामले को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से निपटाया जाए।

मुख्यमंत्री का यह जनता दर्शन कार्यक्रम एक बार फिर इस बात का प्रमाण बन गया कि सरकार आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर कितनी सजग और संवेदनशील है। मुख्यमंत्री स्वयं जनता के बीच जाकर उनकी तकलीफें सुन रहे हैं और अधिकारियों को उसी समय कार्रवाई का आदेश दे रहे हैं। जनता दर्शन कार्यक्रम से लौटते समय हर फरियादी के चेहरे पर संतोष और मुस्कान देखने को मिली।

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button