प्रधानमंत्री की माता के अपमान के विरोध में भाजपा का 4 सितंबर को बिहार बंद, 3 सितंबर को आरा में मशाल जुलूस निकलेगा

Report By: तारकेश्वर प्रसाद
आरा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के अपमान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। भाजपा ने 4 सितंबर को बिहार बंद का आह्वान किया है। वहीं इससे एक दिन पहले 3 सितंबर को आरा शहर में मशाल जुलूस निकाला जाएगा।
भोजपुर भाजपा की बैठक जिलाध्यक्ष दुर्गा राज की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस अपमानजनक घटना पर कड़ी नाराजगी जताई। बैठक में तय हुआ कि 3 सितंबर, बुधवार की शाम बड़ी मठिया से गोपाली चौक तक मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद 4 सितंबर को बिहार बंद को हर हाल में सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री की माता का अपमान सिर्फ भाजपा कार्यकर्ताओं का ही नहीं, बल्कि हर भारतीय का अपमान है। यह मुद्दा जनभावनाओं से जुड़ा हुआ है और जनता इसका जवाब बिहार बंद के माध्यम से देगी। उन्होंने कहा कि भोजपुर जिले के प्रत्येक कार्यकर्ता और आम नागरिक इस आंदोलन में शामिल होकर इसे सफल बनाएंगे।
इस बैठक में भाजपा के साथ-साथ एनडीए के घटक दलों ने भी समर्थन जताया। जदयू जिलाध्यक्ष संजय सिंह, लोजपा जिलाध्यक्ष राजेश्वर पासवान और रालोसपा जिलाध्यक्ष रोहित कुशवाहा ने बैठक में भाग लेकर बिहार बंद का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की माता के अपमान को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में आरा विधायक अमरेन्द्र प्रताप सिंह, बड़हरा विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक संजय टाईगर, मुनी देवी सहित भाजपा जिला पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर इस आंदोलन को जनआंदोलन का रूप देने का संकल्प लिया।
नेताओं ने स्पष्ट कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था और सम्मान से जुड़ा हुआ है। मशाल जुलूस और बिहार बंद पूरी तरह से शांतिपूर्ण लेकिन प्रभावी होगा। इसका उद्देश्य विरोध दर्ज कराना और जनता की भावनाओं को सरकार और संबंधित लोगों तक पहुँचाना है।
भोजपुर भाजपा ने जनता से भी अपील की है कि वे 4 सितंबर को बिहार बंद को सफल बनाने में सहयोग करें और प्रधानमंत्री की माता के सम्मान की रक्षा के लिए इस आंदोलन में भाग लें।