बिहार बंद से पहले आरा में भाजपा ने निकाला मशाल जुलूस

Report By: तारकेश्वर प्रसाद,


आरा:बिहार बंद की पूर्व संध्या पर बुधवार की रात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं ने आरा शहर की सड़कों पर जोरदार मशाल जुलूस निकाला। इस जुलूस का नेतृत्व आरा विधायक अमरेंद्र प्रताप सिंह ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

मशाल जुलूस बड़ी मठिया से प्रारंभ होकर सदर अस्पताल, शिवगंज, जेल रोड होते हुए गोपाली चौक घंटाघर तक पहुँचा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशालें लेकर राजद और कांग्रेस विरोधी नारेबाजी की। पूरे मार्ग में वातावरण भाजपा कार्यकर्ताओं की नारों और आक्रोश से गूंजता रहा।

मशाल जुलूस के दौरान भाजपा विधायक अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा,
“राहुल गांधी के मंच से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गीय माता जी के लिए अभद्र और भद्दी टिप्पणियाँ की गईं। यह कृत्य न केवल निंदनीय है बल्कि पूरे देश का अपमान है। इसके खिलाफ पूरे भारत में आक्रोश है।”

उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी ने अब तक सार्वजनिक माफी नहीं मांगी है, बल्कि मंच से हँसते रहे। यह लोकतंत्र का अपमान है और जनता ही इसका जवाब देगी। भाजपा कार्यकर्ता इसी आक्रोश को जनता के बीच लेकर निकले हैं।

भोजपुर भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा राज ने कहा कि आज पूरा बिहार इंडी गठबंधन की वजह से शर्मसार है। उन्होंने कहा,
“इंडी गठबंधन ने जो घिनौना कार्य किया है, उसके खिलाफ कल पूरा बिहार बंद रहेगा। व्यवसायियों से अपील है कि वे अपनी-अपनी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रखकर इस बंद को सफल बनाएं।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि एनडीए (NDA) के सभी घटक दल इस बंद का समर्थन कर रहे हैं और जब तक राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से प्रधानमंत्री और उनकी माता जी से माफी नहीं मांगते, भाजपा का यह संघर्ष जारी रहेगा।
भाजपा नेताओं ने कहा कि विपक्षी नेताओं की यह टिप्पणी लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है और इससे देशभर के लोगों में गहरा आक्रोश है। उन्होंने दावा किया कि कल यानी गुरुवार को पूरा बिहार बंद रहेगा और जनता स्वयं आगे आकर इस आंदोलन को सफल बनाएगी।

Related Articles

Back to top button