सीवान को विकास की सौगात, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 558 करोड़ की 9 योजनाओं का किया शिलान्यास

Report By : स्पेशल डेस्क बिहार

सीवान : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को सीवान जिले को बड़ी सौगात दी। उन्होंने पचरुखी प्रखंड के नारायणपुर और पपौर गांव में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 558.35 करोड़ रुपये की 9 विकासात्मक योजनाओं का शिलान्यास किया। इससे जिले के बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

मुख्यमंत्री का सबसे पहले नारायणपुर हैलीपैड पर आगमन हुआ। यहां जिलाधिकारी डॉ. आदित्य प्रकाश, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी सहित एनडीए नेताओं ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर जिला पुलिस बल की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।

इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पचरुखी बाईपास मोहम्मदपुर मोड़ (एनएच 531) से छपिया–टेढ़ीघाट–गोपालपुर (एनएच 227) सड़क योजना के क्रियान्वयन का निरीक्षण किया। यह सड़क परियोजना क्षेत्रीय संपर्क और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। उन्होंने पेंशन लाभार्थियों, जीविका दीदियों और आशा कार्यकर्ताओं से भी संवाद किया और उनकी समस्याओं तथा सुझावों को सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार लगातार जनता के कल्याण के लिए काम कर रही है और अब इन योजनाओं से सीवान की तस्वीर बदलेगी।

गौरतलब है कि इन योजनाओं की घोषणा मुख्यमंत्री ने इसी वर्ष फरवरी माह में अपनी प्रगति यात्रा के दौरान की थी। उस समय उन्होंने सीवान जिले के लिए कई विकास परियोजनाओं का आश्वासन दिया था। अब उनके कार्यारंभ से लोगों को वास्तविक लाभ मिलेगा।

इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पपौर गांव का दौरा किया और वहां हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तथा मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने केंद्र की व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण आंगनबाड़ी सेवाएं मिलें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय भी मौजूद रहे। कार्यक्रम स्थल पर भारी संख्या में लोग उपस्थित थे जिन्होंने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और योजनाओं के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “सरकार का लक्ष्य हर जिले को समान रूप से विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के जरिए बिहार को प्रगति की नई ऊँचाई पर ले जाया जा रहा है। सीवान जिले में आज जिन योजनाओं का शिलान्यास हुआ है, वे आने वाले वर्षों में यहां के विकास की नई इबारत लिखेंगी।”

इन 9 योजनाओं में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। इससे सीवान के लोगों को आने वाले समय में रोजगार, स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध होगी।

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button