गाज़ीपुर में मिशन शक्ति फेज़-5.0 का शुभारंभ, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए थानों में बने विशेष केंद्र

Report By: आसिफ अंसारी
गाज़ीपुर : उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति अभियान फेज़-5.0 का शुभारंभ शनिवार, 20 सितंबर 2025 को पूरे प्रदेश में किया गया। जनपद गाज़ीपुर में इस अभियान की शुरुआत पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में हुई। इस अवसर पर जिले के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्रों का उद्घाटन किया गया, जिन्हें महिलाओं की सुरक्षा और सहयोग के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया है।
महिला सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए वर्ष 2020 में शुरू किए गए अभियान के पहले चरण में प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क स्थापित की गई थी। अब इस व्यवस्था को और मजबूत करते हुए मिशन शक्ति केंद्रों की स्थापना की गई है। इन केंद्रों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि महिला पीड़िता थाने में आने के क्षण से लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से पूरी तरह सशक्त होने तक सभी आवश्यक परामर्श, मार्गदर्शन और सहयोग पा सके। यह केंद्र महिलाओं के लिए एकल सम्पर्क बिंदु की तरह कार्य करेंगे और उन्हें त्वरित न्याय, सहायता तथा सुरक्षा का भरोसा देंगे।
लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिशन शक्ति फेज़-5.0 का औपचारिक शुभारंभ किया। उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण गाज़ीपुर जिले में भी बड़े उत्साह और गंभीरता के साथ देखा गया। पुलिस लाइन गाज़ीपुर में पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के नेतृत्व में सभी पुलिस कर्मी एकत्र हुए और सामूहिक रूप से कार्यक्रम का अवलोकन किया। इसी प्रकार जनपद के प्रत्येक थाने में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित होकर मिशन शक्ति अभियान की महत्ता को समझने और अपनाने के लिए एकजुट हुए।
मिशन शक्ति केंद्रों में महिला हेल्प डेस्क को समाहित करते हुए आधुनिक और मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें फर्नीचर, वाटर डिस्पेंसर, अलमारी, कंप्यूटर, प्रिंटर, आवश्यक अभिलेख, स्टेशनरी, महिलाओं के लिए शौचालय, सीसीटीवी कैमरे और अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था शामिल है। इन केंद्रों में नियुक्त निरीक्षक और उपनिरीक्षक न केवल महिलाओं की शिकायतों का निस्तारण करेंगे, बल्कि महिला संबंधी अपराधों की विवेचना का कार्य भी संपादित करेंगे।
कार्यक्रम के उपरांत गाज़ीपुर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने यह संकल्प लिया कि महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से मिशन शक्ति अभियान को सफल बनाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा केवल कानून व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद (नगर/ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी नगर शेखर सेंगर सहित जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस कर्मी उपस्थित रहे। उनका कहना था कि यह अभियान केवल पुलिस का नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक प्रयास है, जो महिलाओं को निडर और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।
गाज़ीपुर जिले में मिशन शक्ति केंद्रों के शुभारंभ के साथ ही यह उम्मीद जताई जा रही है कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में एक नई और मजबूत व्यवस्था स्थापित होगी।