गाजीपुर में महिला पुलिस कर्मियों ने स्कूटी रैली निकालकर दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश

Report By: आसिफ अंसारी
नवरात्रि की पूर्व संध्या पर गाजीपुर पुलिस ने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के संकल्प को और मज़बूत किया। मिशन शक्ति 5.0 के तहत सोमवार को शहर में महिला पुलिस कर्मियों की भव्य स्कूटी रैली निकाली गई। इस रैली का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. इरज राजा के मार्गदर्शन में किया गया।
रैली का शुभारंभ पुलिस लाइन से हुआ, जहां महिला पुलिस कर्मियों ने तिरंगे गुब्बारों और संदेशों से सजी स्कूटी पर सवार होकर कतारबद्ध रूप में शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया। स्कूटी रैली ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया और महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता का संदेश दिया।
इस मौके पर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र, एसपी रूरल अतुल सोनकर सहित कई अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। रैली में शामिल महिला पुलिस कर्मियों का जोश और उत्साह देखने लायक था। शहरवासी भी जगह-जगह खड़े होकर उनका उत्साहवर्धन करते नजर आए।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर डॉ. इरज राजा ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें सशक्त बनाना है। इस अभियान के तहत महिला पुलिस कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वे महिला सुरक्षा के मुद्दों पर और प्रभावी ढंग से काम कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि मिशन शक्ति केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है, जिसका मकसद समाज में महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण तैयार करना है।
नवरात्रि जैसे शुभ पर्व पर इस रैली का आयोजन प्रतीकात्मक भी रहा। देवी शक्ति की उपासना के साथ-साथ यह संदेश दिया गया कि समाज में हर महिला सुरक्षित और आत्मनिर्भर बने।