आरा में भाकपा (माले) का चार सवालों को लेकर प्रेस कांफ्रेंस

ReportBy: तारकेश्वर प्रसाद
आरा के श्रीटोला स्थित भाकपा (माले) जिला कार्यालय में पार्टी की ओर से एक महत्वपूर्ण प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता में भाकपा (माले) केंद्रीय कमेटी के सदस्य व सांसद सुदामा प्रसाद, केंद्रीय कमेटी सदस्य अभ्युदय, अगियांव विधायक शिवप्रकाश रंजन, और राज्य कमेटी सदस्य क्यामुद्दीन अंसारी मौजूद रहे।
सांसद सुदामा प्रसाद ने बिहार सरकार द्वारा 10 हज़ार महिलाओं को खाते में भेजी गई राशि को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि, “बिहार की सरकार जो 10 हज़ार रुपए महिलाओं के खातों में दे रही है, क्या उसे देना होगा या लौटाना होगा? हमें कानों-कान यह सूचना मिल रही है कि सरकार इस पैसे को ब्याज सहित वापस लेगी। जो भी इस राशि को वापस नहीं करेगा, उसका CIBIL स्कोर खराब हो जाएगा, जिससे उन्हें भविष्य में किसी भी सरकारी लाभ का फायदा नहीं मिल सकेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि जिन महिलाओं ने राशि वापस नहीं की, उनके घरों पर कुर्की-ज़ब्ती की कार्रवाई भी की जा सकती है, क्योंकि अब सरकार के पास सभी लाभार्थियों के दस्तावेज़ मौजूद हैं।
“भाजपा जानती है कि अब उसकी बिहार में ज़मीन खिसक रही है। भागते भूत की लंगोटी भली — इस कहावत की तरह भाजपा अंतिम समय में कुछ भी कर लेना चाहती है, लेकिन बिहार की जनता अब सब समझ चुकी है। भाजपा बुरी तरह से डरी हुई है और इनका जाना तय है।”
पार्टी नेताओं ने कहा कि महिलाओं के खातों में पैसे भेजकर बाद में उसे ब्याज समेत वसूलना सरकार की जनविरोधी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस योजना को वापस नहीं लिया तो भाकपा (माले) सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य की आर्थिक नीतियों, महिलाओं के अधिकारों और भाजपा की नीतियों पर खुलकर चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि सरकार जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है, लेकिन माले इसका पुरजोर विरोध करेगी।