पीरो के गांधी राम एकबाल सिंह वरसी की 9वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, समाजवादी नेताओं ने किया नमन

ReportBy: तारकेश्वर प्रसाद
आरा बिहार : पीरो के गांधी उपनाम से प्रसिद्ध पूर्व विधायक और स्वतंत्रता सेनानी राम एकबाल सिंह वरसी की 9वीं पुण्यतिथि पर आज अनुमंडल मुख्यालय स्थित जुबली पार्क में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजवादी नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वर्गीय वरसी जी के जीवन और संघर्षों को याद करते हुए कहा कि वे सच्चे अर्थों में जनता के नेता और समाज के मार्गदर्शक थे। वे समाजवादी चिंतक डॉ. राम मनोहर लोहिया के प्रखर अनुयायी थे, जिन्होंने उन्हें “पीरो का गांधी” नाम से सम्मानित किया था। उनका पूरा जीवन राष्ट्र सेवा, सामाजिक समानता और जनहित के लिए समर्पित रहा।
राम एकबाल सिंह वरसी स्वतंत्रता संग्राम से लेकर जेपी आंदोलन तक सक्रिय रहे। वे हमेशा सामाजिक अन्याय, भ्रष्टाचार और भेदभाव के खिलाफ डटे रहे। उनके सिद्धांत और आदर्श आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने विषम परिस्थितियों में भी कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया और संघर्ष को अपना जीवन मंत्र बना लिया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी उनके योगदान को सम्मानित करते हुए तीन वर्ष पूर्व पीरो में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें सच्चे राष्ट्रभक्त और जननायक बताया था।
पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल समाजवादी नेताओं ने कहा कि वरसी जी का जीवन सामाजिक चेतना, स्वाभिमान और त्याग का प्रतीक था। वे न केवल एक प्रखर स्वतंत्रता सेनानी थे, बल्कि एक ऐसे जनसेवक भी थे जो आम जनता की समस्याओं को अपनी आवाज़ बनाते थे।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि राम एकबाल सिंह वरसी जैसे सच्चे और निडर समाजसेवक आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं। उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत बना रहेगा।