सतरिख में समाजवादी नेता यशवंत सिंह यादव का भव्य स्वागत, अशोक यादव की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने किया फूल-मालाओं से सम्मान

Report By: श्रवण कुमार यादव

बाराबंकी : समाजवादी पार्टी के संगठन में हुए हालिया बदलाव के बाद सतरिख क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पार्टी के वरिष्ठ नेता यशवंत सिंह यादव को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद शनिवार को उनके प्रथम आगमन पर सतरिख में भव्य स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सतरिख चौराहे पर समाजवादी पार्टी के झंडों, नारों और फूल-मालाओं से पूरा क्षेत्र समाजवादी रंग में रंगा नजर आया।

कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और जोशपूर्ण माहौल में अपने नेता का स्वागत किया। यह आयोजन सतरिख देहात के प्रधान अशोक यादव की अगुवाई में हुआ, जिनके नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए थे। सभी ने यशवंत सिंह यादव को जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी और पार्टी नेतृत्व के फैसले का स्वागत किया।

इस अवसर पर सपा शिक्षक सभा के राष्ट्रीय सचिव इंजीनियर विनोद यादव ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी पूरे प्रदेश में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) संगोष्ठियों के माध्यम से सामाजिक न्याय और समानता की आवाज़ को मज़बूती दे रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य समाज के हर तबके तक समाजवादी विचारधारा को पहुंचाना है।

जिला उपाध्यक्ष यशवंत सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि समाजवादी पार्टी ही किसानों, मजदूरों और नौजवानों की सच्ची आवाज़ है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य PDA को मजबूत बनाना और प्रदेश में समाजवादी सरकार की पुनः स्थापना करना है।” उन्होंने पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि नेताजी के कार्यकाल में हमेशा किसानों, गरीबों और वंचित वर्गों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर हुआ करता था।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी सेवकराम यादव, समाजसेवी धर्मेंद्र यादव, अजय कुमार, संदीप यादव, बाबा रामशरण, नरेंद्र यादव, बलराम यादव, राजू यादव, संगम यादव, राजेश, अभय राज, राम यादव, संदीप कुमार, सिराज अहमद, विनोद रावत समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में सभी ने एकस्वर में समाजवादी विचारधारा को घर-घर, गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया और आगामी चुनावों में पार्टी को मज़बूती प्रदान करने का आह्वान किया।

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button