गोरखनाथ मंदिर की गोशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की गोवर्धन पूजा, प्रदेशवासियों की समृद्धि की कामना

Report By : कर्मक्षेत्र टीवी डेस्क

गोरखपुर : दीपावली के पावन अवसर पर आयोजित गोवर्धन पूजा के अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर स्थित गोशाला में विधि-विधान के साथ गोवर्धन पूजा संपन्न की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना करने के बाद मुख्यमंत्री ने गोसेवा की, गायों को तिलक लगाया और उन्हें अपने हाथों से गुड़ व केला खिलाकर प्रदेशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं और कहा कि गोवंश भारत की समृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का आधार रहा है, इसी भाव के साथ सरकार गो-संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दीपावली से ही गोरखनाथ मंदिर में प्रवास पर हैं और उन्होंने प्रातःकालीन पूजा के बाद गोशाला पहुंचकर पारंपरिक रूप से गोवर्धन पूजा की प्रक्रिया को पूरा किया। उन्होंने गायों के पास जाकर उन्हें दुलारा, उनके नाम लेकर पुकारा और आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवंश केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारत की कृषि और आर्थिक व्यवस्था की आत्मा है।

मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार गोवंश के संरक्षण और संवर्धन के लिए अभिनव योजनाएँ लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि निराश्रित गोवंश की देखभाल के लिए राज्य में तीन प्रमुख योजनाएँ संचालित हो रही हैं, जिनमें आश्रय स्थलों पर प्रतिमाह प्रति गोवंश 1500 रुपये की व्यवस्था, किसानों को सहभागिता योजना के तहत गोवंश संरक्षण के लिए आर्थिक सहायता तथा कुपोषित परिवारों को गाय उपलब्ध कराकर उन्हें कुपोषण से सुपोषण की ओर ले जाने की व्यवस्था शामिल है। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 16 लाख से अधिक गोवंश की देखभाल सरकार द्वारा अनुदानित योजनाओं के माध्यम से की जा रही है, जिससे किसानों को भी राहत मिल रही है और गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि गोवर्धन योजना के माध्यम से राज्य में बायोगैस, इथेनॉल और अन्य ग्रीन ऊर्जा स्रोत विकसित किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को गोबर का आर्थिक लाभ मिल रहा है और प्रदेश नेट जीरो के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा भारत की कृषि प्रधान संस्कृति और हमारी परंपरा का प्रतीक है, जिसने सदियों से अन्नदाता, प्रकृति और गोवंश के प्रति सम्मान का संदेश दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंत में कहा कि गो सेवा करना और इस परंपरा को आगे बढ़ाना उनका सौभाग्य है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि गोवर्धन पूजा का यह पावन पर्व पूरे प्रदेश में खुशहाली और समृद्धि लेकर आएगा।

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button