रामपुर के नए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने संभाला कार्यभार, जनता की समस्याओं के समाधान को दी प्राथमिकता

Report By : राहुल मौर्य
रामपुर : जिले को नया जिलाधिकारी मिल गया है। बुधवार को अजय कुमार द्विवेदी ने रामपुर के जिलाधिकारी के रूप में अपना कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने बस्ती से स्थानांतरित होकर रामपुर ट्रेजरी पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जनता की समस्याओं को सुनना और उनके त्वरित समाधान पर ध्यान देना होगा।
राज्य सरकार ने हाल ही में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई जिलों के अधिकारियों का तबादला किया है। इसी क्रम में रामपुर के पूर्व जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह को विशेष सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जल आपूर्ति विभाग के पद पर स्थानांतरित किया गया है। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी नंदकिशोर कलाल का तबादला गाजियाबाद विकास प्राधिकरण में उपाध्यक्ष के रूप में किया गया है।
नए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी पहले बस्ती में जिलाधिकारी के पद पर कार्यरत थे, जहाँ उन्होंने कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया। उनके कामकाज की पारदर्शिता और जनहित में तत्परता के कारण उन्हें प्रशासन में एक सक्षम अधिकारी के रूप में जाना जाता है। अब रामपुर में कार्यभार संभालने के बाद उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे जिले के विकास कार्यों को गति देंगे और जनसमस्याओं के निस्तारण में नई ऊर्जा लाएंगे।
इसी क्रम में शासन ने अयोध्या के अपर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह को रामपुर का नया मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया है। गौरतलब है कि नंदकिशोर कलाल ने रामपुर में लगभग तीन वर्ष से अधिक समय तक मुख्य विकास अधिकारी के रूप में कार्य किया और अपने कार्यकाल के दौरान कई विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाया।
जिले के प्रशासनिक ढांचे में इस बदलाव को जनता के हित में एक सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है। नए जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद अधिकारियों के साथ बैठक की और जिले की प्रशासनिक व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को आम लोगों तक पहुँचाना और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता होगी।





