डोली और कंधे पर बैठकर पहुंचे मतदान केंद्र, चुनाव में दिखे लोकतंत्र में आस्था के विविध रंग

बागेश्वर: बागेश्वर में निकाय चुनाव में मतदान के दौरान लोकतंत्र में आस्था के कई रंग दिखे। शतायु, बुजुर्ग मतदाता डोली या अन्य सहारों से मतदान केंद्र पहुंचे। दिव्यांगजनों के लिए चुनाव आयोग की ओर से मतदान केंद्रों पर व्हील चेयर की व्यवस्था की थी। कुछ लोगों को स्ट्रेचर, कंधे और पीठ पर बैठाकर मतदान केंद्र तक लाया गया। शारीरिक रूप से परेशान होने के बावजूद इन लोगों ने लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए अपना फर्ज निभाया और बूथ पर आकर मताधिकार का प्रयोग किया।

डोली में बैठकर मतदान करने पहुंची 105 साल की जानकी देवी
निकाय चुनाव में लोकतंत्र में मतदान के महत्व को प्रदर्शित करती तस्वीर गरुड़ से दिखी। नौघर गांव की 105 साल की जानकी देवी मतदान करने के लिए डोली पर बैठकर मतदान बूथ पहुंची और मताधिकार का प्रयोग किया। जानकी देवी पिछले विधानसभा चुनाव में घर पर ही मतदान किया था। निकाय चुनाव में घर पर मतदान की सुविधा नहीं होने से उन्होंने बूथ पर जाकर मतदान करने की इच्छा जाहिर की। ग्रामीणों ने उन्हें डोली पर बैठाकर मतदान केंद्र तक पहुंचाया। जहां उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती में योगदान देते हुए मतदान किया।

व्हील चेयर, स्ट्रेचर तो कोई कंधे पर बैठकर पहुंचा वोट देने
बागेश्वर और कपकोट में दिव्यांगजनों को बूथ तक पहुंचाने के लिए बूथों पर व्हील चेयर की व्यवस्था की गई थी। जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के कर्मचारी और रेडक्रॉस समिति के स्वयंसेवियों ने दिव्यांगजनों को बूथ तक पहुंचाने में मदद की। कपकोट में स्वीप के सदस्य भी दिव्यांगों की मदद कर रहे थे। नगरपालिका क्षेत्र में चलने-फिरने में अक्षम मतदाता गोविंद बल्लभ उपाध्याय, जीवन लाल, भगवान लाल साह, प्रदीप कुमार को व्हील चेयर, स्ट्रेचर की मदद से बूथों तक पहुंचाया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी हेम चंद्र तिवारी, रेडक्रॉस स्वयंसेवी आलोक पांडेय, कन्हैया वर्मा, वेद प्रकाश पांडेय, डीडीआरसी से संजय उपाध्याय आदि थे। कपकोट में पोलियोग्रस्त राजेश जोशी को स्वीप के सदस्यों और परिजनों ने कंधे पर बैठाकर बूथ तक पहुंचाया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!