भोजपुर में विश्व रेड क्रॉस दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन, मेडिकॉन हॉस्पिटल ने वाटर कूलर किया अनुदानित

Report By: तारकेश्वर प्रसाद

आरा,बिहार : भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी भोजपुर जिला इकाई, आरा द्वारा विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर एक भव्य और सामाजिक रूप से प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दिन को मानवता की सेवा को समर्पित करते हुए अनेक गतिविधियाँ संपन्न हुईं।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7 बजे स्थानीय स्कूलों के छात्र-छात्राओं की साइकिल रैली से हुई। रैली की शुरुआत रेड क्रॉस कार्यालय से हुई जिसे जिला इकाई के चेयरमैन डॉ. वी. एन. यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के विभिन्न रास्तों से होती हुई वापस रेड क्रॉस कार्यालय पर समाप्त हुई, जहां छात्रों ने “मानवता की सेवा” के नारे लगाए और लोगों को जागरूक किया।

इसके बाद डॉ. वी. एन. यादव द्वारा रेड क्रॉस का ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर संभावना आवासीय उच्च विद्यालय की जूनियर रेड क्रॉस की छात्राओं ने झंडा गीत प्रस्तुत किया। रेड क्रॉस के संस्थापक सर हेनरी डू नॉट के चित्र पर सभी उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की।

इसके बाद “मानवता की ओर” विषय पर एक गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में पूर्व वाइस चेयरमैन डॉ. निर्मल कुमार सिंह ने रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों के योगदान को सराहा और कहा कि हर व्यक्ति जहां भी है, मानवता की सेवा कर सकता है, बस उसके लिए इच्छा शक्ति की जरूरत होती है। उप संरक्षक डॉ. नीरज सिंह ने सर हेनरी डू नॉट के प्रेरणादायक जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कैसे एक व्यापारी युद्ध की त्रासदी से प्रभावित होकर मानवता की सेवा में जुट गया और 1863 में रेड क्रॉस की स्थापना की।

चेयरमैन डॉ. वी. एन. यादव ने कहा कि रेड क्रॉस संस्था का पूरे विश्व में 700 से अधिक इकाइयों में विस्तार हो चुका है और यह संस्था अब भी प्राकृतिक आपदा, युद्ध और स्वास्थ्य सेवाओं में अग्रणी भूमिका निभा रही है। भोजपुर जिला इकाई भी लगातार जिले में प्राथमिक उपचार, ब्लड डोनेशन और आपदा राहत में सक्रिय रही है और आगे भी यह सेवा जारी रहेगी।

इस अवसर पर मेडिकॉन हॉस्पिटल, महावीर टोला आरा की ओर से रेड क्रॉस कार्यालय परिसर में एक वाटर कूलर भेंट किया गया, जिसे बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाया गया। इसका उद्घाटन डॉ. विवेकानंद यादव, सचिव विभा कुमारी और मेडिकॉन हॉस्पिटल के डायरेक्टर बादल विराट द्वारा फीता काटकर किया गया।

कार्यक्रम में निस्वार्थ सेवा देने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित भी किया गया। अनूप कुमार सिंह को मोमेंटो प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया, वहीं अन्य स्वयंसेवकों को सम्मान पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य श्री अशोक शर्मा के स्वागत भाषण से हुई और समापन वरिष्ठ सदस्य डॉ. जितेंद्र शुक्ला द्वारा धन्यवाद ज्ञापन से किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन सचिव डॉ. विभा कुमारी ने किया।

इस कार्यक्रम में संरक्षक सरदार गुरु चरण सिंह, उप संरक्षक संजीव कुमार सिन्हा, वरिष्ठ सदस्य रामकुमार सिंह, श्री एक पांडे, श्री अजीत मेहता, श्री आदित्य विजय जैन, संजीव गुप्ता, कृष्ण माधव अग्रवाल, कमल सिंह, डी राजन, श्री वी राय सहित अनेक गणमान्य लोग और आजीवन सदस्य उपस्थित रहे। संभावना विद्यालय के संगीत शिक्षक धर्मेंद्र कुमार एवं उनके सहयोगियों की भूमिका भी सराहनीय रही।

इसी क्रम में उत्क्रमित मध्य विद्यालय बामपाली, अंचल उदवंतनगर में भी प्रधानाचार्य श्री मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहां छात्रों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई और “मानवता की ओर” विषय पर गोष्ठी में बच्चों और शिक्षकों ने अपने विचार साझा किए।

इस प्रकार भोजपुर में विश्व रेड क्रॉस दिवस को पूरी मानवता की सेवा के भाव से मनाया गया और समाज को सेवा, सहयोग और करुणा का संदेश दिया गया।

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button