राष्ट्रीय जनता दल ने अगिआंव में “सामाजिक न्याय परिचर्चा” का सफल आयोजन

Report By: तारकेश्वर प्रसाद
आरा, बिहार : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) भोजपुर जिला इकाई द्वारा अगिआंव विधानसभा क्षेत्र में एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम “सामाजिक न्याय परिचर्चा” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को सामाजिक न्याय, संविधान के मूल्यों और संगठन की कार्यशैली को लेकर जागरूक करना और उन्हें प्रशिक्षित करना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भोजपुर के राजद जिलाध्यक्ष श्री वीरबल यादव ने की। उन्होंने कहा कि आज सामाजिक न्याय की लड़ाई को हर गांव और हर गली तक ले जाने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा के प्रति पूरी निष्ठा के साथ काम करने का आग्रह किया।
इस आयोजन में प्रदेश नेतृत्व द्वारा भेजी गई विशेष प्रशिक्षण टीम के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया और अलग-अलग विषयों पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। मुख्य वक्ता मखदुमपुर के विधायक श्री सतीश दास थे। उन्होंने सामाजिक न्याय की अवधारणा, राजद की वैचारिक पृष्ठभूमि और इसके ऐतिहासिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में यदि सरकार बनती है तो युवाओं को रोजगार मिलेगा, गैस सिलेंडर की कीमत 500 रुपये होगी, हर परिवार को 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी, बुजुर्गों को 1500 रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिलेगी, और “माई बहिन मान योजना” के तहत महिलाओं को 2500 रुपये मिलेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया।
युवा राजद के राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार महतो ने बताया कि आज के दौर में युवाओं की भागीदारी चुनाव में निर्णायक साबित हो सकती है। उन्होंने चुनावी अभियान की योजना, प्रचार के तरीके और युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
राज्य परिषद सदस्य श्री फूल हसन अंसारी ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और नियमित संवाद की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एकजुट और जागरूक संगठन ही किसी भी चुनाव में सफलता दिला सकता है।
युवा राजद के मुख्यालय प्रभारी निवास रजक ने सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों की भूमिका पर अपनी बात रखते हुए कहा कि आज के समय में डिजिटल प्रचार सबसे प्रभावशाली तरीका बन गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की नीतियों और विचारों को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाएं।
कार्यक्रम के अंत में अगिआंव विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय नेताओं द्वारा प्रदेश से आए अतिथियों को अंग वस्त्र और बुके देकर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन में जिले के कई प्रमुख नेता जैसे प्रधान महासचिव रामबाबू पासवान, नंदकिशोर सिंह, मुकेश सिंह यादव, जिला प्रवक्ता आलोक रंजन, जिप अध्यक्ष आशा पासवान, श्री निवास सिंह, एकराम आलम, सुरेंद्र यादव, हाकिम प्रसाद, विमल कुमार सिंह, नन्द कुमार यादव, शैलेंद्र राम, विनोद चंद्रवंशी, मनु यादव, मुन्ना अंसारी, सोनू राय, ई. रवि आनंद, योगेंद्र महतो, मनु राठौर, अनूप मौर्य, सत्यनारायण यादव, अमित ठाकुर, अरुण यादव, चंद्रमा सिंह, जगनारायण सिंह, देवेंद्र यादव, राणा कुमार, पवन चौधरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
सभी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के अंत में यह संकल्प लिया कि वे राजद की नीति, विचारधारा और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएंगे और सामाजिक न्याय की लड़ाई को और मजबूत बनाएंगे।