मोदी सरकार के 11 वर्ष: संकल्प से सिद्धि तक – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल कार्यक्रम में किया संबोधन

Report By: उत्तराखंड डेस्क

“गत 11 वर्ष भारत के आत्मगौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रीयता की भावना के पुनर्जागरण का ऐतिहासिक काल” – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छुआ: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज “मोदी सरकार के 11 वर्ष – संकल्प से सिद्धि तक” विषय पर आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम को मुख्यमंत्री आवास से संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के प्रभावशाली कार्यकाल को देश के लिए परिवर्तनकारी कालखंड बताते हुए उनकी दूरदर्शिता, मजबूत नेतृत्व और जनकल्याणकारी नीतियों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 9 जून को हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण करने जा रहे हैं। इन 11 वर्षों ने भारत को न केवल वैश्विक मंच पर सशक्त राष्ट्र के रूप में स्थापित किया, बल्कि देशवासियों के आत्मगौरव, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी नई ऊंचाइयों तक पहुँचाया है।

प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व – जनआकांक्षाओं को यथार्थ में बदलने की यात्रा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि 2014 से प्रारंभ हुई यह यात्रा “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूलमंत्र पर आधारित रही है। प्रधानमंत्री ने शासन व्यवस्था को नई कार्य संस्कृति से समृद्ध किया और निर्णायक नीतियों के माध्यम से विकास को सही दिशा और स्पष्ट परिणामों के साथ आगे बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने G-20, QUAD और BRICS जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई है। जहां पहले भारत आतंकी हमलों का शिकार था, वहीं अब देश दुश्मनों को मुँहतोड़ जवाब देने में सक्षम हुआ है। उरी सर्जिकल स्ट्राइक, पुलवामा के बाद एयर स्ट्राइक और हाल ही में पहलगाम हमले के बाद “ऑपरेशन सिंदूर” इसके जीवंत उदाहरण हैं।

रक्षा, अर्थव्यवस्था और स्टार्टअप में भारत का आत्मनिर्भर युग
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत 80% से अधिक स्वदेशी रक्षा उत्पादों का उपयोग कर रहा है और 85 से अधिक देशों में रक्षा सामग्री का निर्यात कर रहा है। इसी आत्मनिर्भरता का परिणाम है कि आज भारत 4 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन चुका है और दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हो गया है।
उन्होंने “मेक इन इंडिया”, “स्टार्टअप इंडिया”, “वोकल फॉर लोकल” जैसी पहलों की सराहना करते हुए कहा कि भारत अब दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम वाला देश बन गया है। बीते 11 वर्षों में देश ने “इन्फ्रास्ट्रक्चर रेवोल्यूशन” का भी अद्भुत अनुभव किया है। आधुनिक हाईस्पीड ट्रेन नेटवर्क, एक्सप्रेसवे, मेट्रो, एयरपोर्ट्स और रोड नेटवर्क के जरिए भारत ने वैश्विक मानचित्र पर अपनी नई पहचान बनाई है।

ऐतिहासिक निर्णयों से सशक्त हुआ भारत
सीएम धामी ने प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता की प्रशंसा करते हुए कहा कि बीते वर्षों में कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति, अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण, ट्रिपल तलाक का अंत, नागरिकता संशोधन कानून, वक्फ अधिनियम में संशोधन, जीएसटी का क्रियान्वयन, नए संसद भवन का निर्माण, नारी शक्ति वंदन अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए गए।

सामाजिक सुरक्षा और विज्ञान के क्षेत्र में कीर्तिमान
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुफ्त राशन योजना जैसी अनेकों योजनाओं से करोड़ों गरीबों को लाभ मिला है। इसके साथ ही कोरोना वैक्सीन निर्माण, चंद्रयान-3, आदित्य एल1 और गगनयान मिशन जैसी सफलताओं ने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भारत की क्षमता को सिद्ध किया है।

उत्तराखंड में विकास की गंगा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आशीर्वाद और मार्गदर्शन से उत्तराखंड में भी तीव्र गति से विकास हो रहा है। दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड, ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, केदारनाथ-बद्रीनाथ मास्टर प्लान, भारतमाला और पर्वतमाला परियोजनाएं प्रदेश के विकास की नई तस्वीर पेश कर रही हैं।

वर्चुअल कार्यक्रम में प्रमुख जनप्रतिनिधियों की सहभागिता
इस वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्री महेंद्र भट्ट, संगठन महामंत्री श्री अजेय कुमार, सभी सांसद, विधायक, महापौरगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, एवं भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button