मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल में विकास कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण, किए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं

Report By: उत्तराखंड डेस्क

नैनीताल:मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने दो दिवसीय नैनीताल प्रवास के पहले दिन मल्लीताल स्थित मानसखण्ड मंदिर माला योजना के अंतर्गत चल रहे सौंदर्यीकरण और पुनर्विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस योजना पर कुल 1101 करोड़ रुपये की लागत प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने परियोजना से जुड़े अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने नव-निर्मित 12 दुकानों का उद्घाटन भी किया।

मुख्यमंत्री ने की कई अहम घोषणाएं
डीएसए मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री धामी ने जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि नैनीताल को पर्यटन, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाया जाएगा। इस क्रम में उन्होंने निम्नलिखित विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की घोषणा की:
धुनीघाट एवं रातीघाट पैदल मार्ग के सुधार कार्य को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
शहीद संजय बिष्ट मोटर मार्ग (कैंची–हरतपा–हैलीमोटर मार्ग से तितोली तक) को उच्चीकृत किया जाएगा।
राज्य मार्ग संख्या-71 के रामनगर से बिल्लेख तक के खंडों को सुदृढ़ और बेहतर बनाया जाएगा।
डीएसए मैदान को राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन एवं प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
नैनीताल शहर में वैकल्पिक पार्किंग स्थल का निर्माण होगा जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या को हल किया जा सकेगा।

फ्लैट्स मैदान में हॉकी टर्फ और बॉक्सिंग रिंग का निर्माण किया जाएगा।
फ्लैट्स मैदान का उपयोग केवल खेल और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए सुनिश्चित किया जाएगा, व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लागू की जाएगी।
नैनीताल बस अड्डा परिसर का पुनर्विकास लाइटवेट स्ट्रक्चर के माध्यम से होगा जिससे सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं बेहतर होंगी।

सड़क सुरक्षा सर्वेक्षण कर मुख्य स्थलों पर वॉटर लेक्स कम किए जाएंगे।
स्थानीय वेंडरों के लिए वेंडिंग ज़ोन विकसित किए जाएंगे ताकि उन्हें व्यवस्थित व्यापारिक स्थान मिल सके।
नैनी झील की डिसिल्टिंग (गाद निकासी) कराई जाएगी और उसकी रेलिंग बदली जाएगी।

खेल प्रतिभाओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने डीएसए मैदान में बास्केटबॉल कोर्ट का उद्घाटन किया और जिले के पदक विजेता खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेल 2025 में नैनीताल जिले के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की और पदक विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
सम्मान प्राप्त करने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में लतिका भंडारी, भूमिका जंतवाल, नितेश बिष्ट, निर्मल बिष्ट, अंश बिष्ट, कनिष्क जोशी, सूर्या पटेल, भाग्रवी रावत, श्रद्धा जोशी, कोमल, न्वया पांडे, वैभव सिंह पडियार और एसडीएम नवाजिश खलीक शामिल रहे। साथ ही, स्व. एन.के. आर्य स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट के प्रतिभागियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने दिए विकास कार्यों को गति देने के निर्देश
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने बताया कि नैनीताल शहर में सीवर लाइन और एसटीपी (स्टैप ट्रीटमेंट प्लांट) का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए ऑटोमेटिक पार्किंग प्रणाली को मंजूरी दी गई है। साथ ही, अशोक पार्किंग का विस्तार और मेट्रो पार्किंग का कार्य जल्द शुरू होगा, जिसके लिए केंद्र सरकार से अनुमति प्राप्त हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मां नैना देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण कार्य मानसखण्ड कॉरिडोर के अंतर्गत चल रहा है। इसके लिए 12 करोड़ रुपये की धनराशि दी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर और अधिक बजट भी दिया जाएगा।
वलिया नाला और ठंडी सड़क पर भूस्खलन सुरक्षा कार्य भी तेजी से हो रहे हैं।
बच्चों की मांग पर वॉलीबॉल ट्रैक का भी लोकार्पण किया गया, जिससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं को और अधिक अवसर मिलेंगे।

उपस्थित रहे कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री सड़क परिवहन अजय टाम्टा, विधायक सरिता आर्य, फकीर राम आर्य, राम सिंह कैडा, दीवन सिंह विष्ट, शिव ओरोर, डॉ. अनिल कूपर डूब्बू, दर्जा राज्य मंत्री दीपक मेहरा, दिनेश आर्य, सुरेश भट्ट, शंकर कोरंगा, अविद पडियार, दया पोखरिया, मोनज जोशी, मनोज साह, नितिन कार्की सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रशासनिक स्तर पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना सिंह, आईजी रिधिम अग्रवाल, एसएसपी पीएम मीणा, एडीएम विवेक राय, और पी.आर. चौहान भी कार्यक्रम में उपस्थित थे

Related Articles

Back to top button