गोरा बाजार चौराहा अब बनेगा सम्राट चौक अशोक स्तंभ की स्थापना से पहले हुआ भूमि पूजन

कर्मक्षेत्र टीवी ब्यूरो

रायबरेली: जिले के प्रमुख व व्यस्ततम चौराहों में से एक गोरा बाजार चौराहा अब एक नए रूप में नजर आएगा। नगर पालिका परिषद रायबरेली द्वारा इस ऐतिहासिक स्थल का सौंदर्यकरण कर इसे “सम्राट चौक” नाम दिया जा रहा है। इस कार्य की औपचारिक शुरुआत बुधवार को भूमि पूजन के साथ हुई, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष सहित कई जनप्रतिनिधि, सभासद एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

भूमि पूजन कार्यक्रम की शुरुआत नारियल फोड़कर विधिवत रूप से की गई। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं और सभासदों द्वारा फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला और लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे शहर की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने वाला कदम बताया।

नगर पालिका अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि गोरा बाजार चौराहा अब “सम्राट चौक” के नाम से जाना जाएगा। चौराहे पर सम्राट अशोक स्तंभ की स्थापना की जाएगी, जो भारतीय इतिहास और धरोहर का प्रतीक है। इस पूरे सौंदर्यकरण कार्य पर नगर पालिका द्वारा लगभग 20 लाख रुपये की लागत खर्च की जाएगी।

इसके साथ ही अध्यक्ष ने बताया कि गोरा बाजार से बस्तेपुर रोड तक डामरीकरण का कार्य भी कराया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। सम्राट चौक का निर्माण कार्य अगले 15 से 20 दिनों में पूरा कर लेने का लक्ष्य रखा गया है।

नगर पालिका के इस प्रयास को नागरिकों ने सराहा और उम्मीद जताई कि यह चौराहा शहर की एक नई पहचान बनेगा। सम्राट अशोक जैसे महान सम्राट के नाम पर चौराहे का नामकरण युवाओं को प्रेरणा देगा और भारतीय संस्कृति के गौरवशाली अतीत की याद दिलाएगा।

Related Articles

Back to top button