यमुना नदी में डूबने से महिला और मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत

Report By: संजय साहू
चित्रकूट: थाना राजापुर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यमुना नदी में डूबने से एक महिला और एक मासूम बच्चे की मृत्यु हो गई। दोनों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस और प्रशासन के समक्ष एक बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही राजापुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शवों को नदी से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया। मौके पर मौजूद थाना अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि महिला की उम्र लगभग 30 वर्ष और बच्चे की उम्र करीब 3 से 4 वर्ष के बीच आंकी गई है। दोनों के शरीर पर कोई स्पष्ट पहचान चिन्ह नहीं मिले हैं, जिससे उनकी शिनाख्त नहीं हो पा रही है।

राजापुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इन दोनों के बारे में कोई जानकारी रखता हो या उनकी पहचान करता हो, तो तत्काल थाना राजापुर से संपर्क करें। इस संबंध में पुलिस द्वारा एक मोबाइल नंबर 7007024583 भी जारी किया गया है, जिस पर सूचना दी जा सकती है।
थाना अध्यक्ष प्रवीण सिंह ने कहा
“यह एक संवेदनशील और दुखद मामला है। हमारी प्राथमिकता है कि जल्द से जल्द दोनों की पहचान सुनिश्चित की जाए, जिससे उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके और आगे की कार्यवाही हो सके।”
घटना की जानकारी जब स्थानीय क्षेत्रवासियों को हुई, तो पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। यमुना नदी के पास रहने वाले लोगों ने बताया कि महिला और बच्चा अज्ञात थे और घटना से पहले उन्हें किसी ने क्षेत्र में आते हुए नहीं देखा। इससे यह भी आशंका जताई जा रही है कि यह मामला आत्महत्या या किसी आपराधिक षड्यंत्र का हो सकता है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस द्वारा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मृत्यु के सही कारणों का पता लगाया जा सके। साथ ही, आस-पास के जिलों और थानों को भी अलर्ट किया गया है, ताकि लापता महिला-बच्चे की रिपोर्ट के आधार पर कोई कड़ी जुड़ सके।