मानिकपुर के सरैंया गांव में घटिया निर्माण का खुलासा, BJP बूथ अध्यक्ष ने उठाई आवाज – अधिकारियों पर भी उठे सवाल

Report By : संजय साहू

चित्रकूट (मानिकपुर): उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद के मानिकपुर ब्लॉक अंतर्गत सरैंया गांव में ग्राम पंचायत के निर्माण कार्यों की पोल एक के बाद एक घटनाओं से खुलती जा रही है। गांव में पंचायत द्वारा कराए गए कार्यों की गुणवत्ता इतनी खराब है कि एक महीने पहले बनी नाली महज़ पहली ही बारिश में धराशाई हो गई। इससे पहले गांव के तालाब के पास कराई गई इंटरलॉकिंग भी धंस चुकी है।

इस पूरे मामले को लेकर भाजपा के बूथ अध्यक्ष विशाल उपाध्याय ने खुलकर पंचायत स्तर पर हो रहे भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर किया है। उन्होंने कहा कि गांव में प्रधान और सचिव की मिलीभगत से घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर जनता के पैसे का दुरुपयोग किया जा रहा है और अधिकारियों की आंखों के सामने सबकुछ हो रहा है।

विशाल उपाध्याय ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले की कई बार शिकायत ब्लॉक स्तर से लेकर मुख्य विकास अधिकारी (CDO) तक की, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी बिना मौके पर निरीक्षण किए ही रिपोर्ट तैयार कर लेते हैं और भ्रष्टाचार को ढंकने का प्रयास करते हैं। इतना ही नहीं, जो जांच अधिकारी मौके पर पहुंचते हैं, वे भी कथित तौर पर कमीशन या नकद लेकर गलत को सही ठहराने का प्रयास करते हैं।

गांव के गर्गन पुरवा में पोखरी से गार्डन तक लगभग 100 मीटर लंबी नाली का निर्माण कुछ ही समय पहले कराया गया था, लेकिन एक ही बारिश में पूरी नाली टूटकर बह गई। इससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है और पंचायत प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

भाजपा नेता विशाल उपाध्याय ने इस बार सीधे मुख्य विकास अधिकारी अमृत पाल कौर से बात की और ग्राम पंचायत में हो रहे भ्रष्टाचार पर सख्त ऐतराज़ जताया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा किए गए कार्यों में भारी अनियमितताएं हैं और यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो वह मुख्यमंत्री कार्यालय व पंचायती राज विभाग को लिखित शिकायत करेंगे।

CDO अमृत पाल कौर ने आश्वासन दिया है कि लिखित शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर वसूली की जाएगी।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पंचायतों में पारदर्शिता नहीं लाई जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक सरकारी योजनाओं का लाभ ज़मीन तक नहीं पहुंचेगा।

इस मामले ने पंचायत विभाग के कामकाज और ब्लॉक स्तर पर अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कितना पारदर्शी और सक्रिय रूप से कार्रवाई करता है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!