पूर्व विधायक सरोज यादव ने कार्यकर्ताओं को किया एकजुट, बोले सरकार के झूठे वादों को करें बेनकाब

रिपोर्ट: तारकेश्वर प्रसाद, आरा (बिहार)
आरा, भोजपुर – भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड अंतर्गत सेमरिया बाजार पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से एक भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बड़हरा के पूर्व विधायक सरोज यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा की और कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारी में पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में पूर्व विधायक सरोज यादव ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार पूरी तरह से जनविरोधी हो चुकी है और आम जनता के मुद्दों से उसका कोई सरोकार नहीं है। विकास के नाम पर केवल झूठे वादे और खोखले दावे किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में सरकार ने किसानों, बेरोजगारों और गरीबों के लिए कोई ठोस नीति नहीं बनाई, बल्कि सिर्फ दिखावटी योजनाओं का प्रचार किया गया।
पूर्व विधायक ने मतदाता सूची में नाम सुधार के लिए तय की गई अवधि को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, “सरकार ने मतदाता सूची में सुधार के लिए जो अत्यंत सीमित समय सीमा तय की है, वह पूर्णतः अन्यायपूर्ण और तानाशाही पूर्ण निर्णय है। इससे लाखों योग्य मतदाता सूची से बाहर रह जाएंगे और यह लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है।”
सम्मेलन के दौरान पूर्व विधायक सरोज यादव ने बड़हरा के वर्तमान विधायक पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि “विधायक ने अपने कार्यकाल में क्षेत्र की जनता को केवल आश्वासन दिए हैं, लेकिन ज़मीनी स्तर पर कोई विकास नहीं हुआ। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की हालत आज भी बदहाल है।”
पूर्व विधायक ने कार्यकर्ताओं से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव बेहद अहम है और इसमें हमें पूरी ताकत से उतरना होगा। “हमें आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होना है और सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जाकर उन्हें सच से अवगत कराना है। यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनक्रांति का प्रतीक होना चाहिए।”
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष बीरबल यादव ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सभी लोगों को गाँव-गाँव जाकर संगठन की रीढ़ को मजबूत करना होगा। कार्यक्रम का संचालन प्रखंड अध्यक्ष रघुनाथ राय ने किया। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में राजद को मजबूती से लड़ाई लड़नी है और कार्यकर्ताओं की भूमिका इसमें सबसे महत्वपूर्ण होगी।
कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि आगामी विधानसभा चुनाव में राजद को जीत दिलाने के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे।