गुरुपूर्णिमा पर कैंचीधाम मंदिर ट्रस्ट ने मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए ₹2.5 करोड़

Report By: उत्तराखंड डेस्क
नैनीताल: गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर आज विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम मंदिर में एक सूक्ष्म व गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए ₹2.5 करोड़ (ढाई करोड़ रुपये) की राशि का चेक मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रदान किया गया। यह चेक जिले की मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अनामिका को सौंपा गया।
कार्यक्रम में कैंचीधाम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश बिंद्रा, ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने ट्रस्ट के प्रयासों की की सराहना
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंचीधाम मंदिर ट्रस्ट के इस मानवता सेवा कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि “आपदा पीड़ितों की मदद के लिए ट्रस्ट द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹2.5 करोड़ की राशि प्रदान किया जाना न सिर्फ उत्तराखंड की परंपरा और संस्कृति का प्रतीक है, बल्कि यह समाज में सकारात्मक उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कैंचीधाम मंदिर ट्रस्ट शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक है और इसके लिए ट्रस्ट की जितनी भी सराहना की जाए वह कम है।
कैंचीधाम बाईपास निर्माण को मिलेगी रफ्तार
मुख्यमंत्री श्री धामी ने श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु कैंचीधाम बाईपास सड़क के निर्माण को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से इस सड़क निर्माण हेतु वन भूमि हस्तांतरण का सैद्धांतिक अनुमोदन मिल चुका है। इसके बाद इस सड़क का निर्माण कार्य तेज़ी से प्रारंभ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस बाईपास के बन जाने से कैंचीधाम और भवाली के बीच लगने वाले यातायात जाम से निजात मिलेगी तथा स्थानीय नागरिकों व श्रद्धालुओं को भी सुविधा मिलेगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कैंचीधाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अन्य कई योजनाएं भी जल्द लागू की जाएंगी।
ट्रस्ट कर रहा शिक्षा, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन में सेवा कार्य
कैंचीधाम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश बिंद्रा ने जानकारी दी कि ट्रस्ट समाज सेवा में कई वर्षों से सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में ट्रस्ट ने अब तक प्रत्येक वर्ष 3,000 बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की है, जिसे अब बढ़ाकर 5,000 छात्रों तक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से शिक्षा व चिकित्सा के क्षेत्र में ट्रस्ट की ओर से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रस्ट आपदा की घड़ी में भी जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहा है।
श्री बिंद्रा ने विगत 15 जून को आयोजित कैंचीधाम मंदिर स्थापना दिवस को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी व जिला प्रशासन का विशेष रूप से आभार प्रकट किया।
श्रद्धा, सेवा और समर्पण का संगम – कैंचीधाम
गौरतलब है कि कैंचीधाम मंदिर, महान संत नीम करोली बाबा की तपोस्थली है और यहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु प्रतिवर्ष दर्शन हेतु आते हैं। गुरुपूर्णिमा जैसे पावन अवसर पर ट्रस्ट द्वारा समाज कल्याण हेतु किया गया यह योगदान न केवल धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह उत्तराखंड की संवेदनशीलता और सामाजिक सहभागिता की परंपरा को भी आगे बढ़ाता है।