गाजीपुर में भाजपा सदर पश्चिमी मंडल की बैठक संपन्न

Report By: आसिफ अंसारी
गाजीपुर:भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सदर पश्चिमी मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को जिला कार्यालय, छावनी लाइन गाजीपुर में संपन्न हुई। इस बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष काशी चौहान ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य नव चयनित मंडल पदाधिकारियों और शक्ति केंद्र संयोजकों का परिचय, सम्मान एवं उनके कार्य दायित्वों को स्पष्ट करना था।
बैठक के दौरान पार्टी की संगठनात्मक मजबूती, आगामी रणनीतियाँ और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुँचाने पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित एक राष्ट्रवादी संगठन है। उन्होंने कहा, “भाजपा त्याग, तपस्या और बलिदान की भावना से प्रेरित होकर समाज और राष्ट्र की सेवा करती है। हम सभी को गर्व होना चाहिए कि हम ऐसे संगठन का हिस्सा हैं।”
जिलाध्यक्ष ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री देश को विकसित राष्ट्र बनाने के मिशन पर काम कर रहे हैं। इस लक्ष्य को पूरा करने में प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, पीएम किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन आदि का प्रचार-प्रसार करना, जनता को योजनाओं के लाभ से अवगत कराना तथा लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करना पार्टी कार्यकर्ताओं का नैतिक और सामाजिक दायित्व है।
बैठक के दौरान नव नियुक्त मंडल पदाधिकारियों और शक्ति केंद्र संयोजकों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। सभी को उनके दायित्वों की जानकारी दी गई और संगठन को और अधिक मजबूत व सक्रिय बनाने की दिशा में काम करने का आग्रह किया गया।
बैठक का संचालन मंडल महामंत्री संजय बिंद ने किया। इस अवसर पर महामंत्री प्रवीण सिंह, जिला मंत्री सुरेश बिंद, अच्छेलाल गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, मनोज बिंद, गोपाल राय, कल्पना कुशवाहा, मुरली कुशवाहा, उदय प्रताप सिंह, रोली शर्मा, चांदनी देवी, राम जी बलवंत, अरविंद सिंह, जितेंद्र पांडेय, परवेज खान सहित कई अन्य कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों, सिद्धांतों और लक्ष्यों को जन-जन तक पहुँचाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन किया। इस अवसर पर यह स्पष्ट किया गया कि भाजपा का मूल मंत्र “सेवा ही संगठन” है, और इसी भावना के साथ कार्यकर्ता आगामी कार्यक्रमों में सक्रियता से भाग लेंगे।