शाहपुर के जवइनिया गांव में आज आएंगे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव

रिपोर्ट: तारकेश्वर प्रसाद, आरा (भोजपुर)
भोजपुर: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री श्री तेजस्वी प्रसाद यादव आज भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत जवइनिया गांव का दौरा करेंगे। यह दौरा राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। श्री यादव का आगमन दोपहर करीब 2 बजे निर्धारित है। वे यहां ग्रामीणों से सीधे संवाद करेंगे और क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं तथा सामाजिक मुद्दों को लेकर बातचीत करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, तेजस्वी यादव इस दौरान स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को नजदीक से जानने का प्रयास करेंगे। साथ ही बिहार में वर्तमान सरकार के कार्यों की समीक्षा करते हुए, विपक्ष की भूमिका और आगामी रणनीतियों पर भी चर्चा किए जाने की संभावना है।
ग्रामीणों में इस कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर नेता प्रतिपक्ष का स्वागत करने की तैयारी में जुटे हुए हैं। गांव में जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं और मंचन स्थल को सजाया गया है।
बताया जा रहा है कि यह दौरा केवल औपचारिकता नहीं है, बल्कि तेजस्वी यादव इस मौके पर क्षेत्र की समस्याओं को विधानसभा में उठाने का भरोसा भी दे सकते हैं। क्षेत्रीय जनता वर्षों से सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों से जूझ रही है, ऐसे में विपक्ष के इस दौरे से लोगों को उम्मीद है कि उनकी आवाज शासन तक पहुंचेगी।
कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में राजद समर्थकों और कार्यकर्ताओं के पहुंचने की संभावना है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भोजपुर जैसे राजनीतिक रूप से जागरूक जिले में इस प्रकार के जनसंपर्क अभियान से राजद को आगामी चुनावों में सीधा लाभ मिल सकता है।
गौरतलब है कि तेजस्वी यादव ने हाल के दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों का दौरा तेज कर दिया है। वे लगातार जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को उठाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय राजद नेताओं में भी काफी उत्साह है। जिला राजद अध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने में लगे हैं।