केंद्रीय राज्य गृहमंत्री नित्यानंद राय पहुंचे आरा

Report By: तारकेश्वर प्रसाद
आरा: केंद्रीय राज्य गृहमंत्री नित्यानंद राय गुरुवार को आरा पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों से उनका अभिनंदन किया। पूरे शहर में माहौल पूरी तरह भाजपा के रंग में रंगा दिखाई दिया।
अपने संबोधन में नित्यानंद राय ने बिहार के उपमुख्यमंत्री रहे तेजस्वी यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तेजस्वी यादव को “सोने के चम्मच में खाने वाला और चारा चोर का बेटा” बताते हुए कहा कि ऐसे नेताओं ने बिहार की जनता को हमेशा गुमराह किया है। वहीं राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान करने की राजनीति करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी मंच पर जाने से पहले रात में रिहर्सल कराते हैं कि किस तरह मोदी जी का अपमान किया जाए।
नित्यानंद राय ने कहा कि राहुल गांधी की पार्टी और उनके नेता घोटालों में लिप्त रहे हैं और जनता अब उन्हें अच्छी तरह पहचान चुकी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “बिहार की धरती नरेंद्र मोदी का अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी और इसका जवाब जनता जरूर देगी।”
केंद्रीय गृहमंत्री का रोड शो आरा में भाजपा के शक्ति प्रदर्शन का बड़ा उदाहरण बना। मोती टोला बाईपास से शुरू हुआ यह रोड शो सपना सिनेमा रोड, शिवगंज, सदर अस्पताल रोड और मठिया होते हुए आरा क्लब तक पहुंचा। पूरे मार्ग में हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। जगह-जगह पुष्पवर्षा, नारेबाजी और आतिशबाजी के बीच केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया गया।
सड़कों पर उमड़ी भीड़ ने साफ संकेत दे दिया कि भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह बरकरार है। हर चौक-चौराहे पर लोग अपने नेता की एक झलक पाने के लिए आतुर दिखे।
रोड शो के दौरान नित्यानंद राय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना ही कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास और सुशासन की राजनीति कर रही है और यही संदेश जन-जन तक पहुंचना चाहिए।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और नेताओं ने एक स्वर में भाजपा की विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उनका कहना था कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी जनता की सेवा कर रही है और आने वाले चुनावों में इसका असर साफ तौर पर दिखाई देगा।