गाजीपुर प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी का गठन, सर्वसम्मति से पुनः सौंपा गया दायित्व, पत्रकार वेलफेयर कोष की स्थापना

Report By: आसिफ़ अंसारी
गाजीपुर : गाजीपुर प्रेस क्लब की वार्षिक आम सभा की बैठक जिला पंचायत हाल में बड़े उत्साह और गरिमामय माहौल में आयोजित हुई। बैठक में क्लब के संरक्षकों और सदस्यों की सहमति से यह निर्णय लिया गया कि पूर्व कार्यकारिणी को पुनः आगामी दो वर्षों के लिए दायित्व सौंपा जाएगा। यह निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया, जिसके बाद पूरे हाल में तालियों की गड़गड़ाहट गूँज उठी।
इस नवीनीकरण के अंतर्गत आशीष कुमार सिंह और मनीष कुमार मिश्रा को संरक्षक, शिवकुमार कुशवाहा को अध्यक्ष, कृपा कृष्ण (केके) को महासचिव, संजय सिंह कुशवाहा को कोषाध्यक्ष, विनीत दुबे को सचिव और मनीष सिंह को उपाध्यक्ष के रूप में पुनः दायित्व सौंपा गया। वहीं करुणेन्द्र कुमार राय, मुकेश उपाध्याय, अनिल कुमार, श्रीराम राय, अमितेश सिंह, संजीव कुमार और अंजनी तिवारी कार्यकारिणी सदस्य के पद पर बने रहेंगे।
बैठक में महासचिव कृपा कृष्ण (केके) ने पिछले दो वर्षों का संक्षिप्त लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि क्लब ने दो वर्षों में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों पर लगभग चार लाख रुपए खर्च किए हैं। इसके साथ ही सदस्यों के बीमा हेतु लगभग एक लाख रुपए की किस्त जमा की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि क्लब के कोष में भविष्य की गतिविधियों के लिए एक बड़ी राशि संरक्षित है।
कार्यक्रम के दौरान गाजीपुर प्रेस क्लब की स्थापना के दो वर्ष पूरे होने का उल्लेख भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह संस्था पत्रकारों के अधिकारों, कल्याण और सामाजिक सरोकारों के लिए लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।
बैठक में एक अहम निर्णय लेते हुए पत्रकार वेलफेयर कोष की स्थापना की गई। इस कोष के लिए सबसे पहले संरक्षक आशीष कुमार सिंह ने 51 हजार रुपए का योगदान दिया। उनके साथ करुणेंद्र राय, प्रदीप शर्मा और अशोक कुशवाहा ने 2-2 हजार रुपए तथा नरेंद्र कुशवाहा ने 11 सौ रुपए का योगदान दिया। यह कोष भविष्य में पत्रकारों की आपातकालीन जरूरतों और कल्याणकारी कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
सभा में कई सदस्यों ने कार्यशालाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की आवश्यकता पर बल दिया। इस पर अध्यक्ष शिवकुमार कुशवाहा ने आश्वासन दिया कि जल्द ही पत्रकारों के हित में एक कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में संरक्षक आशीष कुमार सिंह, मनीष मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय कुशवाहा, सचिव विनीत दुबे, उपाध्यक्ष मनीष सिंह, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश उपाध्याय, करुणेंद्र राय, अनिल कुमार सहित कई वरिष्ठ पत्रकारों और सदस्यों ने अपने विचार रखे। सभी ने क्लब की गतिविधियों की सराहना की और संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर लक्ष्मीकांत श्रीवास्तव, एकरार खान, अजय कुमार, विपिन यादव, हसीन अंसारी, नरेंद्र नाथ पांडेय, आसिफ अंसारी, नंदलाल गिरी, राधेश्याम यादव, पवन मिश्रा, रिजवान अंसारी, ओमप्रकाश, रतन कुमार, शिव प्रताप तिवारी, कमलेश यादव, बबलू राय, वरुण मिश्रा, शैलेंद्र चौधरी, सुनील गुप्ता, सुधाकर पांडेय, मुहम्मद खालिद शमीम, अरुण कुमार यादव, आरएन राय, इंद्रसेन प्रसाद, गोपाल पांडेय, प्रदीप दुबे, अखिलेश यादव, सोनू कुमार, प्रीतम कुमार तिवारी, पंकज पांडेय, हैदर अली, रजत कुमार, दीपक श्रीवास्तव, मोती लाल कश्यप, वीरेंद्र मौर्य, संदीप कुमार, इरफान सहित बड़ी संख्या में सदस्य और पत्रकार मौजूद रहे।
बैठक का संचालन महासचिव कृपा कृष्ण (केके) ने किया और अंत में सभी का आभार व्यक्त किया।