गाजीपुर में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक का आगमन, अस्पताल निरीक्षण और मिशन शक्ति-5.0 का शुभारंभ

Report By: आसिफ़ अंसारी
गाज़ीपुर : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक का जनपद गाजीपुर में आगमन हुआ। आगमन के क्रम में उन्होंने जिला अस्पताल गाज़ीपुर का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। इसके बाद महर्षि विश्वामित्र मेडिकल कॉलेज में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज का निरीक्षण करते हुए विकास कार्यों की समीक्षा की।
इसके पश्चात उपमुख्यमंत्री ने रिज़र्व पुलिस लाइन सभागार में जनप्रतिनिधियों, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई। बैठक के बाद प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें जनपद की विकास योजनाओं की घोषणा की गई। इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री को उत्तर प्रदेश सरकार का राजकीय चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
उपमुख्यमंत्री ने जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुरुष और महिला आरक्षियों, आशा बहुओं, लेखपालों और पंचायत सदस्यों को सम्मान पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया। इसके बाद उन्होंने “मिशन शक्ति-5.0” का उद्घाटन किया। इस अभियान को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण की नई दिशा और महिलाओं की स्वावलंबन की नई इबारत बताते हुए उपमुख्यमंत्री ने इसे सामाजिक परिवर्तन का आंदोलन कहा।
विशेष महिला सुरक्षा दल का गठन इस अवसर पर विशेष रूप से किया गया, जो महिला सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए बाजारों, विद्यालयों, कॉलेजों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों और त्योहारों के दौरान सक्रिय रहेगा। रैली के माध्यम से महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1930, 1076, 102, 101, 108 और 1098 की जानकारी दी गई। पंपलेट और पोस्टर के ज़रिये “सशक्त नारी – समृद्ध प्रदेश” का संदेश भी जन-जन तक पहुँचाया गया।
इस कार्यक्रम से अपेक्षित परिणामों में त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था का मज़बूत होना, मिशन शक्ति केंद्रों द्वारा महिलाओं को शिकायत, समाधान, परामर्श और मार्गदर्शन एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना, SOP पुस्तिकाओं से पुलिस कार्यप्रणाली का मानकीकरण और प्रदेश में महिला-पुरुष समानता व विकास की दिशा में नया अध्याय शुरू करना शामिल है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद, सांसद राज्यसभा संगीता बलवंत, विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह “चंचल”, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी संतोष कुमार वैश्य, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।