राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा – आत्मनिर्भर भारत अभियान देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम

Report By: आसिफ़ अंसारी

गाज़ीपुर :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश और प्रदेश दोनों स्तरों पर विकास, निर्माण और सृजन के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। देश आज आत्मनिर्भरता के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व पटल पर अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है।

इसी क्रम में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने भाजपा जिला कार्यालय, गाज़ीपुर में जानकारी दी कि आज भारत केवल पारंपरिक उद्योगों जैसे खादी या हस्तशिल्प पर निर्भर नहीं है, बल्कि रक्षा, तकनीकी, विज्ञान और औद्योगिक उत्पादन जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भी तीव्र गति से प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल, तेजस विमान और अर्जुन टैंक जैसे स्वदेशी रक्षा उपकरण भारत के गौरव और आत्मनिर्भरता के प्रतीक हैं।

डॉ. बलवंत ने बताया कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनी राज्य सरकार ने देश और प्रदेश की दशा और दिशा बदलने के लिए ठोस कदम उठाए। प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है और इसी दिशा में आत्मनिर्भर भारत अभियान एक मजबूत कदम है।

उन्होंने कहा कि सरकार के ईमानदार प्रयासों और नीतियों के परिणामस्वरूप आज 24 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आकर समृद्ध जीवन जी रहे हैं। देश में गरीब कल्याण, क्षेत्रीय विकास और रोजगार सृजन की दिशा में तीव्र गति से कार्य हो रहा है। यह पहली ऐसी सरकार है जो भली-भांति समझती है कि भारत का वास्तविक विकास तभी संभव है जब देश का हर नागरिक आत्मनिर्भर बने।

डॉ. संगीता बलवंत ने आगे कहा कि आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक विकास का साधन नहीं, बल्कि आत्मगौरव और स्वदेशी उत्पादों के सम्मान का प्रतीक है। आज सरकार ‘मेक इन इंडिया’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे अभियानों के माध्यम से स्वदेशी वस्तुओं को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी साख मजबूत की है और विश्व गुरु के रूप में अपनी पहचान को पुनः प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक चलने वाला “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” देश के युवाओं, महिलाओं, किसानों, शिक्षाविदों और उद्यमियों को जोड़ने वाला व्यापक कार्यक्रम है। इस अभियान के तहत विभिन्न विषयों पर संवाद, कार्यशालाएं और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि आत्मनिर्भर भारत की भावना हर व्यक्ति तक पहुंचे।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, महामंत्री दयाशंकर पांडेय, जिला मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, अवधेश राजभर और गर्वजीत सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button