रामपुर रियासत के अंतिम शासक नवाब रजा अली खां की बेटी नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम का अमेरिका में निधन

Report By : राहुल मौर्य

रामपुर : रामपुर रियासत के अंतिम शासक नवाब रजा अली खां की बेटी नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम का 92 वर्ष की आयु में अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में निधन हो गया। उनके इंतकाल से रामपुर के शाही परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। 29 अक्टूबर को वॉशिंगटन डीसी में ही गमगीन माहौल में उन्हें सुपुर्दे-खाक किया गया। इस अवसर पर परिवार के सदस्य, करीबी रिश्तेदार और परिचित बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (INTACH) रुहेलखंड चैप्टर के सह-संयोजक काशिफ खां ने जानकारी दी कि नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम का जन्म 24 जनवरी 1933 को रामपुर में हुआ था। वे नवाब रजा अली खां और उनकी तीसरी पत्नी तलअत ज़मानी बेगम की पुत्री थीं। उन्होंने मसूरी और लखनऊ से शिक्षा प्राप्त की थी।

उनकी पहली शादी भारतीय सिविल सेवा से जुड़े सैयद तकी नक़ी से हुई थी, जबकि दूसरी शादी पाकिस्तान के एयर चीफ मार्शल अब्दुर्रहीम खां से हुई, जो बाद में स्पेन में पाकिस्तान के राजदूत भी रहे। 1977 में वे अमेरिका चली गईं, जहाँ उन्होंने इंटरनेशनल सेंटर फॉर लैंग्वेज स्टडीज में उर्दू और हिंदी की शिक्षिका के रूप में कार्य किया।

नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम के परिवार में एक पुत्र ज़ैन नक़ी और दो पुत्रियाँ ज़ेबा हुसैन व मरयम खान हैं। उनके एक पुत्र आबिद खान का पहले ही निधन हो चुका था। ज़ैन नक़ी अमेरिका में ही रहते हैं और उन्होंने अपनी माता की आखिरी सांस तक देखभाल की।

काशिफ खां ने बताया कि नवाब रजा अली खां के तीन पुत्र — नवाबजादा मुर्तजा अली खां, नवाबजादा जुल्फिकार अली खां उर्फ मिक्की मियां और नवाबजादा आबिद अली खां उर्फ सलीम मियां — अब इस दुनिया में नहीं हैं। नवाब रजा अली खां की छह पुत्रियों में नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम दूसरे नंबर की थीं। उनसे पहले नवाबजादी खुर्शीद लका बेगम और नवाबजादी कमरलका बेगम का निधन हो चुका है, जबकि नवाबजादी बिरजिस लका बेगम और नवाबजादी नाहीद लका बेगम दिल्ली में तथा नवाबजादी अख्तर लका बेगम लखनऊ में निवास करती हैं।

नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम के निधन से रामपुर के शाही परिवार के सदस्य गमगीन हैं। अंतिम शासक नवाब रजा अली खां के पौत्र और पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने उनके निधन को परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। वहीं, नवाब रजा अली खां की बहू और पूर्व सांसद बेगम नूरबानो ने भी उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि नवाबजादी मेहरून्निसा बेगम का जाना परिवार और रियासत दोनों के लिए एक बड़ी हानि है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!