गोरखपुर सांसद रवि किशन शुक्ला को मिली जान से मारने की धमकी, बिहार से आया फोन – कहा “गोली मार दूँगा”

Report By: राम चन्द्र कौशल

गोरखपुर : भोजपुरी फिल्मों और राजनीति दोनों में अपनी दमदार पहचान बना चुके गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि सांसद के निजी सचिव शिवम द्विवेदी को एक फोन कॉल पर धमकी दी गई है, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को बिहार के आरा जिले के जवनिया गाँव का निवासी अजय कुमार यादव बताया।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अजय यादव ने सांसद के निजी सचिव शिवम द्विवेदी को फोन कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और खुले शब्दों में धमकी दी कि – “रवि किशन यादवों पर टिप्पणी करते हैं, इसलिए मैं उन्हें गोली मार दूँगा।” जब सचिव शिवम द्विवेदी ने उसे समझाने की कोशिश की कि सांसद ने कभी किसी समुदाय या वर्ग के खिलाफ कोई विवादित टिप्पणी नहीं की है, तो आरोपी और अधिक उग्र हो गया। उसने फोन पर गालियाँ दीं और यहां तक कहा कि “मुझे तुम्हारी हर गतिविधि की जानकारी है, जब चार दिन बाद बिहार आओगे तो जान से मार दूँगा।”

सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने इस बातचीत के दौरान धार्मिक टिप्पणी करते हुए भोजपुरी गायक खेसारी लाल यादव के बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने राम मंदिर की जगह अपस्ताल बनाने जैसी बात कही थी। इस दौरान आरोपी ने भगवान श्रीराम और राम मंदिर को लेकर भी बेहद आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया।

इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद के निजी सचिव शिवम द्विवेदी और पवन दुबे ने गोरखपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और आरोपी के खिलाफ़ लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सांसद की सुरक्षा बढ़ाने और धमकी देने वाले व्यक्ति की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई।

पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि सांसद के सचिव की तहरीर के आधार पर रामगढ़ताल थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और जांच पड़ताल की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में आरोपी की लोकेशन और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं ताकि जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके।

फिलहाल इस घटना के बाद सांसद की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है और आवश्यकतानुसार सुरक्षा बढ़ाए जाने की संभावना है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!