19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी में 32 हजार स्काउट-गाइडों की ऊर्जा, सेवा और अनुशासन का संगम – अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र सिंह और मुख्यायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने प्रेस वार्ता में दी विस्तृत जानकारी

Report By : कर्मक्षेत्र टीवी डेस्क

लखनऊ : मीडिया सेंटर, 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी एवं ग्राण्ड फिनाले डायमण्ड जुबली जम्बूरी में सोमवार को भारत स्काउट एवं गाइड के अध्यक्ष माननीय डॉ. महेन्द्र सिंह और मुख्यायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता को संबोधित किया। दोनों अधिकारियों ने मीडिया प्रतिनिधियों का हार्दिक स्वागत करते हुए जम्बूरी की तैयारियों, गतिविधियों और इसके व्यापक उद्देश्यों पर विस्तृत जानकारी साझा की।

अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र सिंह ने बताया कि इस बार की राष्ट्रीय जम्बूरी में देश के विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों, रेलवे, केन्द्रीय विद्यालय संगठन और अन्य इकाइयों से लगभग 32,000 स्काउट-गाइड प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं का एक स्थान पर एकत्र होना सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों को मजबूत बनाता है।

उन्होंने बताया कि संपूर्ण जम्बूरी परिसर को सुचारु व्यवस्था और प्रबंधन के लिए 35 सेक्टरों में विभाजित किया गया है, जिनका नाम भारतीय पवित्र नदियों पर रखा गया है। प्रत्येक सेक्टर में डॉक्टरों की तैनाती, प्राथमिक उपचार, मोबाइल क्लीनिक और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा 100 बेड वाला अत्याधुनिक अस्पताल 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में संचालित हो रहा है, जो किसी भी आपात स्थिति में प्रतिभागियों को त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा।

डॉ. महेन्द्र सिंह ने यह भी बताया कि इस जम्बूरी में शामिल स्काउट-गाइड प्रतिदिन 100 यूनिट रक्तदान का संकल्प लेकर मानवता और सेवा की भावना का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।

मुख्यायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने जम्बूरी के दैनिक कार्यक्रमों और गतिविधियों का विवरण साझा करते हुए कहा कि आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों, संगठनों और संस्थानों द्वारा थीमैटिक प्रदर्शनी स्थापित की गई हैं। इनमें भारतीय थल सेना, नौसेना और वायुसेना की प्रदर्शनी विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इन प्रदर्शनी का उद्देश्य स्काउट-गाइड बच्चों में देशभक्ति, सैन्य कौशल, अनुशासन और रक्षा सेवाओं में योगदान के प्रति प्रेरणा जागृत करना है।

उन्होंने बताया कि जम्बूरी में कई देशों के स्काउट-गाइड प्रतिनिधि भी भाग ले रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी इस आयोजन को सांस्कृतिक आदान-प्रदान और वैश्विक सीख का एक अनूठा अवसर प्रदान कर रही है।

प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी भी दी गई कि 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी का उद्घाटन महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल द्वारा आज अपराह्न 2 बजे किया जाएगा। वहीं 25 नवम्बर 2025 को ‘यूपी डे’ के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

अंत में अध्यक्ष डॉ. महेन्द्र सिंह और मुख्यायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने मीडिया प्रतिनिधियों, पत्रकारों और छायाकारों का आभार व्यक्त करते हुए प्रेस वार्ता का समापन किया। उन्होंने कहा कि जम्बूरी केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के चरित्र निर्माण, सेवा भावना और नेतृत्व कौशल को निखारने का एक विशाल मंच है।

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button