आरा में भिखारी ठाकुर रंग जलसा 2025 का भव्य आयोजन

Report By : तारकेश्वर प्रसाद

आरा: विगत वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी आगामी 18 दिसंबर 2025 को भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान के बैनर तले सरदार पटेल बस पड़ाव, आरा स्थित भिखारी ठाकुर सांस्कृतिक मंच पर भिखारी ठाकुर जयंती के अवसर पर “भिखारी ठाकुर रंग जलसा 2025” का आयोजन अत्यंत उत्सवपूर्ण और भव्य वातावरण में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर भिखारी ठाकुर संगीत, गायन-वादन, नृत्य, कवि गोष्ठी, पुस्तक विमोचन एवं भव्य नाट्य प्रस्तुतियों का आयोजन पूर्वाह्न से देर शाम तक लगातार चलता रहा। कार्यक्रम की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित हजारों दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।

दीप प्रज्वलन व मंगलाचरण से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक दीप प्रज्वलन एवं लोककलाकार भिखारी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात प्रसिद्ध लोक गायक कमलेश व्यास द्वारा मंगलाचरण में भिखारी ठाकुर के रचित गीतों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई।

आगत अतिथियों का स्वागत एस.एस. कॉन्वेंट स्कूल रोड, आरा एवं सिद्धि विनायक स्कूल, चंदवा की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं गीत के माध्यम से किया गया, जिसने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।

सांसद का शुभकामना संदेश
स्थानीय सांसद सुदामा प्रसाद ने कार्यक्रम के लिए अपना शुभकामना संदेश पत्र के माध्यम से भेजा, जिसे उनके प्रतिनिधि दिलराज प्रीतम ने मंच से पढ़कर सुनाया।

कथक नृत्य से सजा प्रथम सत्र
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में बक्शी विकास एवं उनके शिष्यों द्वारा कथक शैली में मनोहारी नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इस सत्र की अध्यक्षता इंजीनियर संजय शुक्ला ने की।

सम्मान समारोह, कवि गोष्ठी और पुस्तक विमोचन
द्वितीय सत्र में सम्मान समारोह, कवि गोष्ठी, पुस्तक विमोचन एवं नाटक की प्रस्तुति आयोजित की गई। इस सत्र की अध्यक्षता शिक्षाविद डॉ. जय जैन ने की।

कवि सम्मेलन एवं पुस्तक विमोचन समारोह में रांची निवासी कवि विनय कुमार सिंह द्वारा लिखित कविता संग्रह “भोजपुरी महक” का लोकार्पण सभा अध्यक्ष डॉ. जय जैन द्वारा किया गया।

अतुल प्रकाश के संयोजन में आयोजित कवि गोष्ठी में
नंदकिशोर सिंह ‘कमल’, कुमार अजय, जनमेजय ओझा, डॉ. वीरेंद्र शर्मा, डॉ. रेणु मिश्रा, डॉ. किरण कुमारी, हरेराम सिंह, डॉ. आर.सी. भूषण सहित कई कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।

विदेशिया नाटक ने बांधा समां
देर शाम तक आरा रंगमंच एवं उर्वशी संस्था के कलाकारों द्वारा लोकनायक भिखारी ठाकुर रचित कालजयी नाटक “विदेशिया” की विशेष प्रस्तुति दी गई। हजारों की संख्या में मौजूद दर्शक इस नाटक एवं संगीत कार्यक्रम को अंत तक देखते रहे।

इसके साथ ही ईश्वरी पासवान एवं अशोक पासवान द्वारा जतसर, राह बाबा की पूजा, गोंड नाच की गायकी प्रस्तुत की गई। वहीं आकाशवाणी बनारस की लोक गायिका रंजन राय ने भिखारी ठाकुर के गीतों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।

भिखारी ठाकुर स्मृति सम्मान 2025 से विभूतियाँ सम्मानित
इस अवसर पर वर्ष 2025 के लिए विभिन्न प्रतिष्ठित सम्मानों से कई विभूतियों को सम्मानित किया गया—
भिखारी ठाकुर स्मृति सम्मान 2025 – वरिष्ठ रंगकर्मी साधना श्रीवास्तव (उर्वशी संस्था)
मंच विशेष सम्मान – डॉ. जय जैन
पद्मश्री बिस्मिल्लाह खां स्मृति सम्मान – वरिष्ठ रंगकर्मी एवं वादक म बम बाबा
उर्मिला कॉल स्मृति सम्मान – साहित्यकार डॉ. रेणु मिश्रा
मधुकर सिंह स्मृति सम्मान – लेखक व वरिष्ठ रंगकर्मी अंबुजा आकाश
बाबू ललन जी स्मृति सम्मान – तबला वादक बृजजनाथ सिंह (बलिगांव)
कवि अजब दयाल सिंह भोजपुरिया स्मृति सम्मान – गीतकार विनय कुमार सिंह (रांची)
शशिनाथ त्रिवेदी स्मृति सम्मान – लोक गायिका रंजन राय (बनारस)
शारदा प्रसाद सिंह स्मृति सम्मान – युवा रंगकर्मी धीरज कुमार

इसके अतिरिक्त पटना की गायिका चंद्रप्रभा, मनोज मीत यादव, रांची के मुकेश भास्कर, महालेखाकार विभाग पटना के अरुण सिंह को भोजपुरी सेवक-सेविका सम्मान दिया गया।
समकालीन तापमान पत्रकारिता सम्मान से पत्रकार विजय सिंह को सम्मानित किया गया। इसके अलावा भी कई कलाकारों और समाजसेवियों को सम्मान प्रदान किया गया।

भिखारी ठाकुर को भारत रत्न देने की मांग
सभा को संबोधित करने वालों में विनोद सिंह, पप्पू जी, सवर्ण क्रांति सेना की अध्यक्ष पूनम सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भिखारी ठाकुर को महान लोक कलाकार और भोजपुरी संस्कृति का स्तंभ बताया तथा उन्हें भारत रत्न दिए जाने की मांग की।

कार्यक्रम का सफल संचालन नरेंद्र सिंह (पत्रकार) ने किया। आयोजन के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, कलाकारों और दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!