भोजपुर में 77वां गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से संपन्न

संवाददाता: तारकेश्वर प्रसाद
आरा: जिले में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्षोल्लास और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। जिले भर में सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस लाइन, प्रखंड मुख्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया और तिरंगे को सलामी दी गई। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, परेड और झांकियों का आयोजन किया गया।
जिले का मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह आरा स्थित ऐतिहासिक रमना मैदान में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी तन्या सुल्तानिया ने झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया और पूरे मैदान में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
आकर्षक परेड और झांकियों ने मोहा मन
समारोह के दौरान बिहार पुलिस, होमगार्ड, अश्वारोही सशस्त्र बल, एनसीसी तथा स्काउट एंड गाइड के बच्चों द्वारा अनुशासित और आकर्षक परेड प्रस्तुत की गई। परेड को देखकर मैदान में मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
वहीं विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा निकाली गई विकासात्मक झांकियां भी समारोह का मुख्य आकर्षण रहीं। इन झांकियों के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक विकास से जुड़ी उपलब्धियों को दर्शाया गया। झांकियों में शामिल स्कूली बच्चों की प्रस्तुति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
रमना मैदान दुल्हन की तरह सजा
गणतंत्र दिवस के अवसर पर रमना मैदान को विशेष रूप से सजाया गया था। चारों ओर तिरंगे की सजावट, रंग-बिरंगे गुब्बारे और देशभक्ति से जुड़ी आकृतियां समारोह की भव्यता को और बढ़ा रही थीं। झंडोत्तोलन को देखने के लिए मैदान के चारों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही।
जिलाधिकारी ने विकास को बताया पहली प्राथमिकता
ध्वजारोहण के बाद अपने संबोधन में जिलाधिकारी तन्या सुल्तानिया ने कहा कि भोजपुर जिले का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिले में कई विकास योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जो आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होंगी।
उन्होंने प्रशासन, पुलिस, शिक्षकों, छात्रों और आम नागरिकों से जिले के विकास में सहयोग की अपील की।
जनप्रतिनिधि और वरीय अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिले के सभी जनप्रतिनिधि, वरीय प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, समाजसेवी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
गणतंत्र दिवस समारोह के सफल आयोजन ने एक बार फिर जिले में देशभक्ति, एकता और विकास के संकल्प को मजबूत किया।





