मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कच्ची दरगाह–बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना का लिया जायजा

संवाददाता: मृत्युंजय ठाकुर

वैशाली: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार, 08 फरवरी 2026 को कच्ची दरगाह–बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि परियोजना का निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है तथा शेष बचे कार्यों को आगामी अप्रैल माह तक पूर्ण कर लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परियोजना के बचे हुए सभी कार्यों को तय समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने पुल के साथ-साथ पहुँच पथ (एप्रोच रोड) के निर्माण कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया, ताकि आवागमन निर्बाध एवं सुचारू रूप से सुनिश्चित किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कच्ची दरगाह–बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना के पूर्ण होने से इस क्षेत्र के लोगों को राजधानी पटना से सीधा और निर्बाध सड़क संपर्क मिलेगा। इससे न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि कृषि, उद्योग और अन्य व्यवसायिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि आपातकालीन चिकित्सा स्थितियों में इलाज के लिए पटना पहुँचने में लोगों को काफी सुविधा होगी, जिससे समय की बचत के साथ-साथ जीवन रक्षा में भी मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना के प्रथम चरण के लोकार्पण के बाद पटना से राघोपुर तक की सड़क संपर्कता पहले ही बहाल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं इस परियोजना के निर्माण कार्य की नियमित समीक्षा और निरीक्षण करते रहे हैं तथा अधिकारियों को समय-समय पर कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते रहे हैं, ताकि यह महत्वाकांक्षी परियोजना जल्द से जल्द पूरी हो सके।

नीतीश कुमार ने कहा कि इस पुल के पूर्ण होने से महात्मा गांधी सेतु पर यातायात का दबाव भी कम होगा। उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन के लिए यह एक वैकल्पिक और सुगम मार्ग के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि पटना शहर के बाहर से ही लोग उत्तर बिहार के विभिन्न जिलों तक आसानी से पहुँच सकेंगे, जिससे शहर के भीतर यातायात जाम की समस्या भी कम होगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आमस–दरभंगा एक्सप्रेस-वे का सीधा संपर्क कच्ची दरगाह–बिदुपुर 6 लेन गंगा पुल परियोजना से होगा। इससे समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी जैसे जिलों की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी और यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार गुणवत्तापूर्ण सड़कों और पुलों का निर्माण कर रही है, ताकि प्रदेश में आवागमन को और अधिक सुगम एवं सुरक्षित बनाया जा सके।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 23 जून 2025 को कच्ची दरगाह (पटना) से राघोपुर दियारा (वैशाली) तक नवनिर्मित पथांश का उद्घाटन किया गया था। यह परियोजना पटना जिले के राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-30 पर स्थित कच्ची दरगाह तथा वैशाली जिले के राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-103 पर स्थित बिदुपुर के बीच गंगा नदी पर निर्मित की जा रही है। कुल 19.76 किलोमीटर लंबी इस 6 लेन ग्रीनफील्ड पुल परियोजना में 9.76 किलोमीटर लंबा पुल तथा लगभग 10 किलोमीटर लंबे पहुँच पथों का निर्माण शामिल है।

परियोजना के प्रथम चरण में कच्ची दरगाह, पटना से राघोपुर दियारा, वैशाली तक कुल 4.57 किलोमीटर लंबाई का उद्घाटन पहले ही किया जा चुका है। द्वितीय चरण के अंतर्गत हाजीपुर–महनार पथ (एनएच-122बी) से चकसिकंदर (एनएच-322) तक तथा तृतीय चरण में राघोपुर दियारा से हाजीपुर–महनार पथ (एनएच-122बी) तक निर्माण कार्य प्रगति पर है।

निरीक्षण के अवसर पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, पटना जिला के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वैशाली जिला की जिलाधिकारी वर्षा सिंह, पटना के वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा, वैशाली जिला के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)

Youtube – https://www.youtube.com/@KarmakshetraTV
Facebook – https://www.facebook.com/karmakshetratvofficial
Instagram
https://www.instagram.com/karmakshetratvofficial/
Twitter – https://x.com/KarmakshetraTV
Whatsapp – https://www.whatsapp.com/channel/0029Vaz88DkG3R3nqmdV1H41

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!