जवाहर नवोदय विद्यालय में पार्श्व प्रवेश चयन परीक्षा (LEST) 2026 शांतिपूर्ण संपन्न

विशेष संवाददाता बिहार|कर्मक्षेत्र टीवी
सीवान: जवाहर नवोदय विद्यालय, करमलीहाता में रिक्त सीटों पर नामांकन के उद्देश्य से आयोजित पार्श्व प्रवेश चयन परीक्षा (LEST) 2026 शनिवार, 7 फरवरी 2026 को जिले में शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और कड़ी निगरानी के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह परीक्षा कक्षा 9वीं एवं कक्षा 11वीं में प्रवेश के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्राप्त आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 9वीं के लिए कुल 745 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 594 छात्र परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 151 छात्र अनुपस्थित रहे। इस प्रकार कक्षा 9वीं में कुल उपस्थिति प्रतिशत 79.73 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं कक्षा 11वीं के लिए कुल 292 छात्र पंजीकृत थे, जिनमें से केवल 99 छात्र परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 193 छात्र अनुपस्थित पाए गए। कक्षा 11वीं में उपस्थिति प्रतिशत 33.90 प्रतिशत रहा।
दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल 1037 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 693 छात्र परीक्षा में सम्मिलित हुए। इस प्रकार कुल उपस्थिति प्रतिशत 66.82 प्रतिशत दर्ज किया गया।
केंद्रवार उपस्थिति की बात करें तो कक्षा 9वीं की परीक्षा डॉन बॉस्को हाई स्कूल, बैसाखी एवं इम्मानुएल मिशन हाई स्कूल, सिवान में आयोजित की गई। डॉन बॉस्को हाई स्कूल, बैसाखी में कुल 400 पंजीकृत छात्रों में से 317 छात्र परीक्षा में उपस्थित रहे। वहीं इम्मानुएल मिशन हाई स्कूल, सिवान में 345 पंजीकृत छात्रों में से 277 छात्र परीक्षा में शामिल हुए।
कक्षा 11वीं की पार्श्व प्रवेश चयन परीक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय, करमलीहाता परिसर में आयोजित की गई, जहां कुल 292 पंजीकृत छात्रों में से 99 छात्र उपस्थित पाए गए।
विद्यालय के प्राचार्य ने परीक्षा के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि कक्षा 9वीं में लगभग 79.7 प्रतिशत उपस्थिति यह दर्शाती है कि छात्रों एवं अभिभावकों में जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रति आकर्षण लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय ग्रामीण प्रतिभाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
प्राचार्य ने यह भी बताया कि परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी, अनुशासन और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सकी। उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन के लिए केंद्र अधीक्षकों, पर्यवेक्षकों, जिला प्रशासन, अभिभावकों तथा मीडिया कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
बताया गया कि परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद चयनित छात्रों को नवोदय विद्यालय में प्रवेश की प्रक्रिया से संबंधित जानकारी अलग से उपलब्ध कराई जाएगी।





