सुखबीर एग्रो एनर्जी द्वारा एलटीईवी के तहत स्वास्थ्य शिविर, 50 टीबी मरीजों को गोद लेने का संकल्प

Report By : आसिफ अंसारी
गाजीपुर : सुखबीर एग्रो एनर्जी फतेहउल्लाहपुर की ओर से एलटीईवी कार्यक्रम के अंतर्गत एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्थानीय लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
इस अवसर पर कंपनी के महाप्रबंधक प्रिंस गक्खर ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के तहत 50 टीबी मरीजों को गोद लेने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि कंपनी सामाजिक जिम्मेदारी के तहत स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर योगदान देती रहेगी।
स्वास्थ्य शिविर में जिला अस्पताल की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। डॉ. रवि रंजन, विवेक सिंह, सौरभ और संतोष ने मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक सलाह दी। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
कार्यक्रम में महिपाल सिंह भोज, संजीव कंबोज, प्रदीप शर्मा, वीरेंद्र सिंह, विपुल उपाध्याय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन हिमांक यादव, एजीएम (एचआर व एडमिन) द्वारा किया गया। आयोजन के अंत में उपस्थित लोगों ने कंपनी की इस पहल की सराहना की और इसे समाज के लिए उपयोगी बताया।





