गाजीपुर में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, न्यू खुशी हॉस्पिटल पर इलाज में लापरवाही का आरोप

Report By : आसिफ अंसारी
गाजीपुर : जिले के दिलदारनगर थाना क्षेत्र में स्थित न्यू खुशी हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। महिला को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां ऑपरेशन के जरिए डिलीवरी कराई गई। बताया जा रहा है कि महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया, लेकिन ऑपरेशन के कुछ ही देर बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी।
परिजनों का आरोप है कि महिला की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ ने उचित इलाज नहीं किया और जिम्मेदारी से बचते नजर आए। हालत ज्यादा खराब होने पर परिजन महिला को इलाज के लिए वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजन वापस अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया।

मामले में दिलदारनगर थाना क्षेत्र के भरवलिया गांव निवासी शत्रुघ्न राजभर ने बताया कि उन्होंने अपनी गर्भवती पत्नी पूजा को 15 फरवरी 2026 को प्रसव के लिए न्यू खुशी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। ऑपरेशन के बाद कुछ देर तक सब सामान्य रहा, लेकिन अचानक महिला की हालत बिगड़ गई। परिजनों का कहना है कि इस दौरान अस्पताल की ओर से न तो समुचित इलाज किया गया और न ही समय पर किसी बड़े अस्पताल में रेफर किया गया।
मृतका के पति ने अस्पताल के खिलाफ इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी इस अस्पताल में इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। आरोप है कि पूर्व में एक ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में कथित तौर पर कैंची छूट जाने का मामला भी सामने आया था। बावजूद इसके अस्पताल पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निजी अस्पतालों में मरीजों की जान के साथ हो रहे खिलवाड़ पर विभागीय अधिकारी खामोश बने हुए हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।





