गाजीपुर में बीफार्मा छात्र की मौत से सरस्वती पैरामेडिकल कॉलेज में शोक की लहर

Report By : आसिफ अंसारी
गाजीपुर : गाजीपुर के मरदह क्षेत्र स्थित सरस्वती पैरामेडिकल कॉलेज में बीफार्मा के छात्र की असामयिक मौत के बाद शोक की लहर व्याप्त है। इस दुखद घटना से कॉलेज प्रबंधन, स्टाफ और विद्यार्थियों के बीच गम और स्तब्धता का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कॉलेज के बीफार्मा छात्र विपुल यादव ने 17 फरवरी को चार मंजिला भवन की छत से कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि वह मोबाइल पर किसी से बातचीत कर रहे थे, इसी दौरान उन्होंने अचानक छत से छलांग लगा दी। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल छात्र को कॉलेज प्रशासन तत्काल इलाज के लिए मऊ ले गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

छात्र की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया। परिजनों की ओर से इस मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
इस घटना से कॉलेज का माहौल पूरी तरह शोकाकुल है। छात्र के सहपाठी और शिक्षक गहरे सदमे में हैं। कॉलेज के वाइस चेयरमैन मनीष यादव ने बताया कि विपुल यादव कॉलेज का होनहार छात्र था और उसकी असामयिक मृत्यु से पूरा कॉलेज परिवार आहत है। उन्होंने कहा कि यह एक अत्यंत दुखद घटना है और कॉलेज प्रशासन हर स्तर पर शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ा है।
फिलहाल इस घटना को लेकर कॉलेज प्रबंधन, स्टाफ और छात्र सभी हैरान हैं और परिसर में शांति और संवेदना का माहौल बना हुआ है।





