भोजपुर DM ने दाखिल-खारिज, परिमार्जन और आधार सीडिंग की समीक्षा, दिए सख्त निर्देश

Report By : तारकेश्वर प्रसाद

आरा बिहार : भोजपुर के जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने राजस्व विभाग से संबंधित दाखिल-खारिज, परिमार्जन और आधार सीडिंग की प्रगति की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि 75 और 35 दिनों से लंबित दाखिल-खारिज मामलों का जल्द से जल्द निपटारा सुनिश्चित किया जाए।

परिमार्जन से जुड़े लंबित आवेदनों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारियों और राजस्व कर्मियों को कैंप मोड में कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने तय समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आवेदकों को अनावश्यक परेशानी न हो।

हेल्थ एंड वेलनेस केंद्र से जुड़ी एनओसी जल्द निपटाने के निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को हेल्थ एंड वेलनेस केंद्र से संबंधित लंबित सभी एनओसी को शीघ्र निष्पादित कर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें देरी नहीं होनी चाहिए और समयबद्ध तरीके से सभी प्रक्रियाओं को पूरा किया जाए।

बसेरा 2 अभियान के तहत महादलित टोलों में भूमि आवंटन पर जोर
अभियान ‘बसेरा 2’ के तहत जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी अंचलों में विशेष कैंप आयोजित किए जाएं। खासतौर पर महादलित टोलों में पात्र लाभुकों को वास योग्य भूमि उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें उचित आवास की सुविधा मिल सके। उन्होंने इस अभियान की प्रगति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

भूमि सुधार अधिकारियों को सतत अनुश्रवण का आदेश
जिलाधिकारी ने भूमि सुधार उप समाहर्ताओं और अपर समाहर्ता को इस कार्य का नियमित अनुश्रवण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी लाभुक को अपने अधिकारों के लिए परेशान न होना पड़े।

बैठक में अपर समाहर्ता भोजपुर, प्रभारी पदाधिकारी (राजस्व शाखा), सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button