लिंगानुपात वृद्धि हेतु विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान आयोजित

Report By : तारकेश्वर प्रसाद

आरा : भोजपुर जिले में लिंगानुपात में सुधार लाने और अहर्ता प्राप्त युवा एवं महिला नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से एक विशेष पंजीकरण अभियान चलाया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, भोजपुर, श्री तनय सुलतानिया के निर्देशानुसार यह अभियान महंत महादेवानंद महिला महाविद्यालय, आरा में आयोजित किया गया।

इस अभियान के तहत महाविद्यालय की छात्राओं को निर्वाचक सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 उपलब्ध कराया गया। उपस्थित छात्राओं को पंजीकरण प्रक्रिया के महत्व से अवगत कराने के साथ-साथ उन्हें प्रोत्साहित भी किया गया। कार्यक्रम में उप निर्वाचन पदाधिकारी, भोजपुर; निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 194-आरा सदर-सह-भूमि सुधार उप समाहर्ता, आरा सदर एवं अवर निर्वाचन पदाधिकारी, आरा सदर ने भाग लिया और छात्राओं को आवश्यक जानकारी दी।

अभियान के दौरान ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने और डिजिटल माध्यमों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए ‘वोटर हेल्पलाइन ऐप’ की जानकारी दी गई। इस ऐप के माध्यम से पात्र नागरिक आसानी से अपना मतदाता पंजीकरण कर सकते हैं।

इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रभारी प्राचार्या, सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं कैंपस एंबेसडर भी उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को मतदाता सूची में नामांकन कराने के लिए प्रेरित किया और लोकतंत्र में उनकी भागीदारी को सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जिला प्रशासन द्वारा चलाया गया यह विशेष अभियान मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ महिलाओं और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button