अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ऐपवा का आरा में प्रदर्शन, महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों पर उठाई आवाज

Report By : तारकेश्वर प्रसाद
आरा बिहार : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (ऐपवा) ने आरा नगर में एक विशाल मार्च निकाला और बस स्टैंड पर सभा आयोजित की। इस प्रदर्शन का नेतृत्व ऐपवा नगर सचिव संगीता सिंह, नगर अध्यक्ष शोभा मंडल और नगर कमेटी सदस्य कलावती देवी एवं अरुणा देवी ने किया।
सभा को संबोधित करते हुए ऐपवा की नेताओं ने कहा कि आज महिलाओं पर अत्याचार बढ़ता जा रहा है, लेकिन सरकार सुरक्षा के दावों के बावजूद कुछ नहीं कर रही। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में वृद्धि हुई है और कई मामलों में आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण मिलता है। बीएचयू जैसी शिक्षण संस्थाओं में भी बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।

नेताओं ने बिहार सरकार द्वारा पेश किए गए बजट की भी आलोचना की और इसे महिला विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट में महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। ऐपवा ने ऐलान किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाएं नीतीश सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए संगठित होकर मतदान करेंगी।
इस प्रदर्शन के माध्यम से ऐपवा ने सरकार से मांग की कि शहरी गरीबों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के उजाड़ने की नीति तुरंत बंद की जाए और महिलाओं की सुरक्षा के लिए कठोर कानूनों को प्रभावी तरीके से लागू किया जाए।