वैशाली महोत्सव 2025 में होंगे भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम, बी प्राक, मैथिली ठाकुर और श्रद्धा पंडित करेंगे प्रस्तुति

संवाददाता – मृत्युंजय कुमार
वैशाली जिला एक बार फिर सांस्कृतिक रंगों से सराबोर होने जा रहा है। वैशाली महोत्सव 2025 का आयोजन 10 अप्रैल से 12 अप्रैल तक किया जा रहा है। यह आयोजन अभिषेक पुष्करणी सरोवर के निकट भव्य रूप से होगा। महोत्सव का आयोजन बिहार सरकार के पर्यटन विभाग और वैशाली जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से किया जा रहा है।
उप विकास आयुक्त कुंदन कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि इस बार का महोत्सव बेहद खास होगा। 10 अप्रैल को संध्या 6:00 बजे दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। परंपरा के अनुसार, मछुआ समुदाय द्वारा अभिषेक पुष्करणी के पास पूजा-अर्चना की जाएगी और झांकी का आयोजन भी होगा, जो इस आयोजन की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएगा।
महोत्सव में देश और विदेश के नामी कलाकारों की प्रस्तुति होने जा रही है। 10 अप्रैल को प्रसिद्ध बॉलीवुड गायक बी प्राक की प्रस्तुति होगी, जो अपने भावपूर्ण गीतों के लिए जाने जाते हैं। 11 अप्रैल को लोकप्रिय लोकगायिका मैथिली ठाकुर मंच पर अपने सुरों का जादू बिखेरेंगी। 12 अप्रैल को हॉलीवुड सिंगर श्रद्धा पंडित की प्रस्तुति होगी, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण होगी।

इसके अलावा प्रसिद्ध ग़ज़ल गायक सत्यम आनंद और लोकप्रिय गायक विनोद ग्वार भी अपनी प्रस्तुति देंगे। महोत्सव में न सिर्फ बड़े कलाकार, बल्कि स्थानीय और प्रतिष्ठित कलाकारों को भी मंच मिलेगा। 11 और 12 अप्रैल को सुबह 10:00 बजे से दिनभर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय कलाकार हिस्सा लेंगे और अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी होंगे। इस आयोजन की अध्यक्षता बिहार के पर्यटन मंत्री राजू सिंह करेंगे। इनके अलावा राज्य सरकार के अन्य मंत्रीगण और विधायकगण की उपस्थिति भी महोत्सव को गौरवपूर्ण बनाएगी।
महोत्सव में आम लोगों के लिए मनोरंजन और पारंपरिक संस्कृति को ध्यान में रखते हुए मीना बाजार (डिज़्नीलैंड) का आयोजन किया जा रहा है। बच्चों और परिवारों के लिए यह विशेष आकर्षण होगा। इसके साथ ही सरकार के विभिन्न विभागों की ओर से कुल 62 स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जिनमें सूचना, जन संपर्क, पर्यटन और अन्य विभागों की सेवाएं और जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राखी केसरी, जिला जन संपर्क पदाधिकारी नीरज, जिला कला संस्कृति अधिकारी शालिनी शर्मा और नजारत उप समाहर्ता सुमन कुमार स्वतंत्र भी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाने की रूपरेखा साझा की।
वैशाली महोत्सव न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि यह बिहार की सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया के सामने लाने का एक सुनहरा अवसर भी है। तीन दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव निश्चित ही जिले के लोगों और आगंतुकों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।