उत्तर प्रदेश में अवैध ई-रिक्शा संचालन के खिलाफ सख्त कार्रवाई, 116 ई-रिक्शा सीज और 360 का चालान

Report By : आसिफ़ अंसारी
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अवैध ई-रिक्शा संचालन पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के आदेश के तहत 1 अप्रैल 2025 से 30 अप्रैल 2025 तक परिवहन विभाग और यातायात पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सड़कों पर बढ़ती अव्यवस्था और दुर्घटनाओं को रोकना है जो कि अवैध रूप से चल रहे ई-रिक्शा के कारण हो रही हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 17 अप्रैल 2025 को यातायात पुलिस ने शहर में बड़े स्तर पर कार्रवाई की। यह कार्रवाई IG रेंज श्रीमान मोहित गुप्ता और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर की गई।
इस अभियान के तहत 116 ई-रिक्शा को सीज कर दिया गया, जो बिना अनुमति, नियमों का उल्लंघन करते हुए संचालित हो रहे थे। इसके अलावा 360 ई-रिक्शा का चालान भी किया गया। यह सभी वाहन या तो बिना रजिस्ट्रेशन के थे या फिर नियमों का पालन नहीं कर रहे थे।
अभियान के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री ज्ञानेन्द्र नाथ प्रसाद, क्षेत्राधिकारी यातायात श्री शेखर सेंगर, यातायात प्रभारी श्री मनीष कुमार त्रिपाठी और यातायात विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार चलता रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आम जनता से भी अपील की गई है कि वे केवल वैध और रजिस्टर्ड ई-रिक्शा का ही प्रयोग करें ताकि यातायात व्यवस्था में सुधार हो सके और दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
सरकार की यह पहल सड़क सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।