आरा में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का तीखा प्रहार, बोले – “कांग्रेस ने बाबा साहेब अंबेडकर को प्रताड़ित किया, माफी मांगे दलित समाज से”

रिपोर्ट: तारकेश्वर प्रसाद, बिहार
आरा: बिहार के आरा में आयोजित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती सम्मान समारोह में भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान सांसद श्री अनुराग ठाकुर ने शिरकत की। जिला कार्यालय, बामपली, आरा में आयोजित इस संगोष्ठी में उन्होंने जहां बाबा साहेब को श्रद्धांजलि दी, वहीं मीडिया से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर तीखे हमले किए।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर को कांग्रेस ने अपने शासन काल में कई बार प्रताड़ित किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एनसीईआरटी की किताबों में भी एक चित्र दिखाया गया, जिसमें पंडित जवाहरलाल नेहरू को बाबा साहेब को कोड़े मारते हुए दर्शाया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ऐसा चित्र किसी किताब में मौजूद है, तो कांग्रेस को दलित और महादलित समाज से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को घुट-घुट कर जीने पर मजबूर किया, जबकि भाजपा ने उन्हें राष्ट्रनिर्माता और संविधान निर्माता के रूप में सम्मान दिया।
कांग्रेस पर कड़ा हमला
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, “बिहार में कांग्रेस का क्या बचा है? न नेता है, न नीति है और नीयत में खोट है।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन काल में बिहार में जंगलराज का माहौल था और अगर कांग्रेस वापस आती है, तो वही हालात फिर लौट आएंगे। इसके विपरीत भाजपा और जदयू की गठबंधन सरकार ने बिहार को विकास की राह पर अग्रसर किया है।
विकास कार्यों की दी जानकारी
अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने बिहार को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल, नेशनल हाईवे, मखाना को अंतरराष्ट्रीय पहचान – ये सब केंद्र की योजनाओं का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार के प्रति जो लगाव है, वह बार-बार उनकी यात्राओं और घोषणाओं में स्पष्ट होता है। आगामी यात्रा में वे हजारों करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास करने आ रहे हैं।
राहुल गांधी पर भी बोला हमला
राहुल गांधी द्वारा अमेरिका के बोस्टन शहर में EVM को लेकर दिए गए बयान पर अनुराग ठाकुर ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि, “कांग्रेस के युवराज दुनिया भर में भारत को बदनाम करते हैं।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब केवल एक परिवार तक सिमट कर रह गई है और उसमें आंतरिक लोकतंत्र समाप्त हो चुका है।
पश्चिम बंगाल और न्यायपालिका पर भी टिप्पणी
अनुराग ठाकुर ने यह भी बताया कि वे आज शाम पश्चिम बंगाल की यात्रा पर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा न्यायपालिका का सम्मान करती है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि नेहरू जी के कार्यकाल में सरकार और न्यायपालिका आमने-सामने आ गई थी। आपातकाल (Emergency) के दौरान कांग्रेस ने जो काला अध्याय लिखा, उसे देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने उस समय जजों के घरों की बिजली-पानी तक काट दी थी।
तेजस्वी यादव के दावे पर तंज
तेजस्वी यादव द्वारा खुद को अगला मुख्यमंत्री बताने पर अनुराग ठाकुर ने कटाक्ष करते हुए कहा, “क्या उनके गठबंधन ने उन्हें नेता मान लिया है?” उन्होंने कहा कि उनके गठबंधन में न नीति है, न विचारधारा और न ही एकता। ऐसे में मुख्यमंत्री बनने का दावा केवल एक राजनीतिक भ्रम है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के आरा दौरे ने एक बार फिर बिहार की सियासत में गर्मी ला दी है। बाबा साहेब अंबेडकर की जयंती पर जहां उन्होंने संविधान निर्माता को श्रद्धांजलि दी, वहीं कांग्रेस पर जमकर हमला कर अपने राजनीतिक तेवर भी स्पष्ट कर दिए। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस और विपक्षी दल इस पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।