भाजपा ने मऊ में वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 पर जनजागरण अभियान चलाया

Report By : आसिफ अंसारी
मऊ : भारतीय जनता पार्टी ने वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 के समर्थन में मऊ के भुजौटी स्थित एस आर प्लाजा में जनजागरण अभियान का आयोजन किया। इस अवसर पर संगोष्ठी के साथ-साथ प्रेस वार्ता भी आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अरविंद जायसवाल रहे।
अपने संबोधन में अरविंद जायसवाल ने कहा कि मोदी सरकार ने वक्फ संशोधन अधिनियम लाकर असहाय मुस्लिमों को बड़ी राहत दी है। नए अधिनियम से वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी। इसके माध्यम से मनमाने ढंग से संपत्तियों के अधिग्रहण पर रोक लगेगी और धार्मिक स्वतंत्रता तथा समानता को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समेत विपक्षी दल इस संशोधन को लेकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि मोदी सरकार की मंशा पूरी तरह स्पष्ट है, जिसका उद्देश्य बिना भेदभाव के सबका कल्याण करना है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मोदी सरकार ने उज्ज्वला योजना हो या आवास योजना, गरीबों को बिना किसी भेदभाव के लाभ पहुंचाया है। वक्फ संपत्तियों के नाम पर पहले भू-माफिया और दबंग तत्व निजी स्वार्थ साधते थे, लेकिन वक्फ संशोधन के बाद उनकी गतिविधियों पर सख्त रोक लगेगी। नया अधिनियम बोहरा और आगाखानी समुदाय के मुसलमानों के अधिकारों को भी मान्यता प्रदान करेगा। इसके अलावा, गलत वक्फ दावों के खिलाफ आदिवासी समुदाय के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी और संरक्षित स्मारक वक्फ की सीमा से बाहर रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस अधिनियम से महिलाओं के अधिकार भी मजबूत होंगे।
अरविंद जायसवाल ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश में आज भी 31 प्रतिशत से अधिक मुसलमान गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रहे हैं। वक्फ संपत्तियों के लाखों-करोड़ों के मूल्य के बावजूद, यह संपत्तियां उनके विकास में कोई मदद नहीं कर रही थीं। भ्रष्टाचार और अतिक्रमण के चलते वक्फ संपत्तियां बर्बाद हो रही थीं। मोदी सरकार ने वक्फ सुधार के जरिये बड़े पैमाने पर जनकल्याण का कार्य किया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने कहा कि पहले वक्फ बोर्ड ताकतवर लोगों के लिए एक हथियार बन गया था, जिसका दुरुपयोग वक्फ पदाधिकारी अपनी सुविधा के अनुसार करते थे। लेकिन अब वक्फ अधिनियम में किए गए संशोधनों से इन गलतियों को सुधारते हुए पारदर्शी और जनहितकारी कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष मौलाना तहरीर चतुर्वेदी ने अपने विचार रखते हुए कहा कि वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 ने अल्पसंख्यक समुदाय के कमजोर और वंचित वर्गों को एक नई आशा दी है। उन्होंने कहा कि पहले वक्फ संपत्तियों का लाभ भ्रष्टाचारियों और भू-माफियाओं द्वारा लूटा जाता था, जो कांग्रेस के संरक्षण में फल-फूल रहे थे। अब नए अधिनियम के तहत इन तत्वों के खिलाफ सख्त कार्यवाही संभव होगी और उनके बीच हड़कंप मच गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने की और संचालन जिला मंत्री राघवेंद्र राय शर्मा ने किया। कार्यक्रम में नूपुर अग्रवाल, संतोष सिंह, संजय पांडेय, आनंद प्रताप सिंह, संतोष राय, मुन्ना गुप्ता, प्रवीण सिंह, संगीता द्विवेदी, अनिल श्रीवास्तव, कृष्ण कांत राय, अली मोहम्मद, फिरोज, अवधेश सोनकर, मनीष मद्धेशिया, आकाश मल्ल, ज्योति सिंह, प्रीतुलता पांडेय, अंजनी सिंह, नीतीश गोंड, दयाशंकर श्रीवास्तव, यशपाल सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने आम जनता तक वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 के महत्व और इसके दूरगामी सकारात्मक प्रभावों को सरल और प्रभावी ढंग से पहुंचाने का प्रयास किया।