आरा में छत पर सो रही महिला को लगी गोली, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Report By : तारकेश्वर प्रसाद

आरा, बिहार : बिहार के भोजपुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव में रविवार की रात एक महिला को उस समय गोली लग गई, जब वह अपने घर की छत पर बच्चों के साथ सो रही थी। महिला की पहचान 45 वर्षीय कलावती देवी के रूप में की गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने उन्हें गंभीर हालत में आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, गोली महिला की पीठ के दाहिने हिस्से में लगी है।

कलावती देवी ने बताया कि रविवार की रात वह अपने बच्चों के साथ छत पर सो रही थीं। देर रात अचानक उन्हें पीठ में कुछ चुभने जैसा महसूस हुआ। दर्द इतना तेज था कि वह चिल्लाने लगीं। उनकी चीख सुनकर उनकी बेटी जाग गई। जब उन्होंने देखा तो पास में ही एक बुलेट गिरा पड़ा था और कलावती देवी की पीठ से खून बह रहा था।

परिजनों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। महिला का कहना है कि गांव में उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है, और न ही किसी से कोई विवाद रहा है। गोली किसने चलाई और क्यों चलाई, यह समझ से बाहर है। यह पूरी घटना बेहद रहस्यमय बनी हुई है।

कलावती देवी का जीवन पहले से ही संघर्षों से भरा रहा है। चार साल पहले उनके पति की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। अब वह अकेले ही अपने एक बेटे और पांच बेटियों की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली कहां से चली और इसका मकसद क्या था। पुलिस आसपास के इलाकों की छानबीन कर रही है और गोली किस दिशा से आई, इसका पता लगाने की कोशिश कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

फिलहाल महिला का इलाज सदर अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

यह घटना इलाके में दहशत का माहौल बना रही है, क्योंकि लोग सोचने को मजबूर हैं कि छत पर सोते हुए भी अब कोई सुरक्षित नहीं है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस घटना से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, तो वे पुलिस को बताएं ताकि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button