गाजीपुर रानी अहिल्याबाई होलकर त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के तहत भाजपा ने सभी छह विधानसभाओं में आयोजित किया जनप्रतिनिधि सम्मेलन

Report By: आसिफ अंसारी

गाजीपुर : भारत की महान महिला शासक रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में सोमवार को जनप्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित किए। इस अभियान का उद्देश्य रानी अहिल्याबाई होलकर के जीवन, उनके योगदान और उनके द्वारा समाज व संस्कृति के लिए किए गए कार्यों को लोगों तक पहुँचाना है।

इस अवसर पर बहरियाबाद के राज पैलेस में जखनियां विधानसभा का सम्मेलन जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. नंद किशोर पांडेय, जो कि गाजीपुर के पूर्व जिला प्रभारी एवं क्षेत्रीय कार्यसमिति के सदस्य हैं, ने कहा कि जब भारत पर मुगल आक्रमण हो रहे थे और सनातन संस्कृति को मिटाने की कोशिशें चल रही थीं, तब रानी अहिल्याबाई होलकर ने पूरे भारत में मंदिरों के पुनर्निर्माण, नदियों पर घाट, कुएं, तालाब और सरायों का निर्माण करवाकर भारतीय सभ्यता को सहेजने का काम किया। उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने दुर्गम स्थानों पर मंदिर बनवाए और रास्तों के किनारे पेड़ लगवाए जिससे लोगों को छाया और राहत मिल सके।

जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने अपने संबोधन में कहा कि अगर भारत को कभी ‘सोने की चिड़िया’ कहा जाता था तो उसमें महिला शक्तियों का भी बड़ा योगदान रहा है। रानी अहिल्याबाई नारी शक्ति की प्रतीक थीं। वह ममता, करुणा और न्याय की मूर्ति थीं, लेकिन साथ ही साथ एक कुशल शासक और योद्धा भी थीं। उन्होंने समाज को दिशा देने का कार्य किया।

कार्यक्रम में आए अतिथियों का सम्मान स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर किया गया। इस सम्मेलन में पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष सिंह, रामराज बनवासी, राजेश राजभर, संदीप सिंह सोनू सहित मंडल अध्यक्ष, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य जैसे कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

इसी क्रम में मुहम्मदाबाद विधानसभा का सम्मेलन अष्ट शहीद इंटर कॉलेज पर हुआ, जिसकी अध्यक्षता ओमप्रकाश उपाध्याय ने की। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि रानी अहिल्याबाई एक आदर्श शासक ही नहीं, बल्कि एक महान समाजसेविका भी थीं। उनके कार्यों में दूरदर्शिता थी और उनके द्वारा चलाए गए कल्याणकारी योजनाएं आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में भारतीय महिलाओं ने जिस साहस, मर्यादा और आत्मबल का परिचय दिया है, वह पूरे समाज को गर्वित करता है।

इस सम्मेलन में पियूष राय, श्याम राज तिवारी, वीरेन्द्र राय, रविन्द्र राय, अवधेश राय, आलोक शर्मा, सत्येन्द्र राम, सुरेश गिरी, राजेश मिश्रा, रोशन कुशवाहा, सतीश राय, प्यारे मोहन सिंह यादव, ओमप्रकाश गिरी, विनोद राय सहित अन्य कई नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद थे।

इसके अलावा सैदपुर विधानसभा का सम्मेलन कौशिक उपवन में प्रदेश मंत्री मीना चौबे के नेतृत्व में संपन्न हुआ। जंगीपुर का सम्मेलन एसएन बालिका इंटर कॉलेज, क्यामपुर में हुआ। जहूराबाद विधानसभा का सम्मेलन पंडित रामचरित विंध्याचल शिक्षण संस्थान, भौदास, बड़ेसर में आयोजित हुआ। वहीं जमानियां विधानसभा का सम्मेलन दुल्हन पैलेस, गहमर में हुआ।

इन सभी सम्मेलनों का उद्देश्य समाज को यह बताना था कि रानी अहिल्याबाई होलकर जैसी महिलाएं हमारे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं और उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही हम एक सशक्त और समृद्ध भारत की कल्पना कर सकते हैं। भाजपा ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि भारतीय संस्कृति, सेवा और सच्चे नेतृत्व की मिसाल रानी अहिल्याबाई होलकर हैं, जिनका जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणा है।

Mukesh Kumar

मुकेश कुमार पिछले 3 वर्ष से पत्रकारिता कर रहे है, इन्होंने सर्वप्रथम हिन्दी दैनिक समाचार पत्र सशक्त प्रदेश, साधना एमपी/सीजी टीवी मीडिया में संवाददाता के पद पर कार्य किया है, वर्तमान में कर्मक्षेत्र टीवी वेबसाईट में न्यूज इनपुट डेस्क पर कार्य कर रहे है !

Related Articles

Back to top button