विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर पिरो में आयोजित हुई अहम बैठक

Report By: तारकेश्वर प्रसाद
भोजपुर: जिलाधिकारी भोजपुर श्री तनय सुल्तानिया के निर्देशानुसार 196-तरारी विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी, पिरो की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सहार एवं पिरो प्रखंड के सभी बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी), मतदान केंद्र स्तर के पदाधिकारी एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी निर्वाचन प्रक्रिया के लिए मतदाता सूची का अद्यतन करना, नवीन मतदाताओं का पंजीकरण, निर्वाचक नामों का विलोपन, तथा सूची में त्रुटियों का सुधार सुनिश्चित करना था। इस दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों को कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से संपन्न करने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश एवं प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण में दिए गए मुख्य बिंदु:
प्रत्येक बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्र के 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र नागरिकों की पहचान कर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने का निर्देश दिया गया।
जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है या जो स्थानांतरित हो गए हैं, उनके नामों को सूची से विलोपित करने की प्रक्रिया पर विशेष बल दिया गया।
मतदाता सूची में नाम, लिंग, जन्मतिथि, पते आदि में पाई जाने वाली त्रुटियों को सुधारने के लिए विशेष कैंप चलाने का निर्देश दिया गया।
जागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करने की बात कही गई।
बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह कार्य लोकतंत्र की आधारशिला है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बीएलओ एवं संबंधित पदाधिकारी स्थानीय स्तर पर घर-घर जाकर सत्यापन करें, जिससे सूची में वास्तविक मतदाताओं की ही प्रविष्टि हो।
सभी अधिकारियों को NVSP (राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल) और Voter Helpline App जैसे तकनीकी संसाधनों के उपयोग की जानकारी दी गई ताकि वे ऑनलाइन आवेदन, शिकायत एवं सत्यापन कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कर सकें।
अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान के दौरान सक्रिय रूप से भाग लें, अपने दस्तावेजों को सत्यापित करवाएं और यदि अब तक उनका नाम मतदाता सूची में नहीं जुड़ा है तो नवीन पंजीकरण कराएं। साथ ही यह भी कहा गया कि यदि किसी नागरिक को सूची में किसी प्रकार की त्रुटि दिखे तो वह संबंधित बीएलओ से संपर्क कर समाधान करवा सकता है।