विकसित कृषि संकल्प अभियान में किसानों को मिली आधुनिक खेती की जानकारी, बाराबंकी के 9 ग्रामों में हुआ सफल आयोजन


रिपोर्ट : श्रवण कुमार यादव, बाराबंकी

बाराबंकी : जनपद में प्री-खरीफ सीजन 2025 के अंतर्गत संचालित विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025 के पंचम दिवस, दिनांक 02 जून 2025 को जिले के विभिन्न विकासखंडों के 9 ग्रामों में किसान गोष्ठियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य किसानों को उन्नत, प्राकृतिक एवं वैज्ञानिक खेती की विधियों से अवगत कराना रहा।
गोष्ठियों का आयोजन विकास खण्ड हैदरगढ़ के ग्राम थानपुर, चैबीसी, रनापुर, बंकी के ग्राम कुम्हरौरा, पलिया मसूदपुर, लखैचा, तथा सिद्धौर के ग्राम टेडवा, दीनपनाह और बम्हौरा लोदी में किया गया।
इन गोष्ठियों में कृषि विभाग की तीन अलग-अलग टीमों ने भाग लेकर फसल चक्र, मोटे अनाज की खेती, बीज शोधन, मृदा परीक्षण, प्राकृतिक खेती और कृषि निवेशों की उपलब्धता जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां किसानों को दीं। साथ ही किसानों को परंपरागत खेती में आधुनिक तकनीकों के समावेश के लाभ भी समझाए गए।


अधिकारियों और विशेषज्ञों की सहभागिता
कार्यक्रम के दौरान उप कृषि निदेशक श्री श्रवण कुमार ने ग्राम खानपुर में किसानों को खरीफ सीजन से जुड़ी विभागीय योजनाओं, अनुदानों और तकनीकी सहायता की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं और वैज्ञानिक तरीकों से खेती कर उत्पादन बढ़ाएं।
वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अश्वनी कुमार सिंह ने फसल चक्र और उत्पादकता में वृद्धि के तरीकों पर चर्चा करते हुए किसानों को स्मार्ट फार्मिंग की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
जिला पंचायत सदस्य डॉ. अवधेश कुमार ने केंद्र और राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी, जबकि कृषि वैज्ञानिक डॉ. रूपन रधुवंशी ने मोटे अनाजों के उत्पादन, उनके पोषण संबंधी लाभों और प्राकृतिक खेती के फायदों पर विशेष चर्चा की।

क्या-क्या बताया गया किसानों को
गोष्ठियों के दौरान किसानों को निम्न विषयों पर प्रशिक्षण और जानकारी दी गई:
खरीफ फसलों के लिए उन्नत बीज और उर्वरक की उपलब्धता
मृदा परीक्षण और उसके आधार पर उर्वरक चयन
बीज शोधन की वैज्ञानिक विधियां
फसल विविधीकरण और उसकी आर्थिक उपयोगिता
मोटे अनाजों जैसे ज्वार, बाजरा, रागी आदि की खेती के लाभ
IPM (एकीकृत कीट प्रबंधन) तकनीक
जैविक और प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूकता

अभियान रहेगा जारी
विकसित कृषि संकल्प अभियान दिनांक 12 जून 2025 तक चलेगा। इस दौरान जनपद की 135 न्याय पंचायतों के एक-एक ग्राम में किसान गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम में कृषि विशेषज्ञ और विभागीय अधिकारी किसानों को प्रशिक्षण देंगे।
अभियान के अगले चरण में दिनांक 03 जून 2025 को विकास खंड हरख, रामनगर और मसौली के 9 ग्रामों में गोष्ठियों का आयोजन प्रस्तावित है।

Related Articles

Back to top button